×

क्या जानती हैं आप मानुषी छिल्लर के संघर्ष की कहानी? जानें कैसे बनीं एक्ट्रेस!

मानुषी छिल्लर, जो मिस वर्ल्ड 2017 की विजेता हैं, ने हाल ही में अपने संघर्ष की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि कैसे मेडिकल एंट्रेंस पेपर लीक ने उनके जीवन को प्रभावित किया और कैसे उन्होंने एक्ट्रेस बनने का सफर तय किया। जानें उनके अनुभव और चुनौतियों के बारे में, जो उन्होंने इस सफर में झेली।
 

मानुषी छिल्लर का सफर: डॉक्टर से एक्ट्रेस बनने तक




मुंबई, 31 जुलाई। मिस वर्ल्ड 2017 की विजेता और बॉलीवुड की चर्चित अदाकारा मानुषी छिल्लर आज ग्लैमर की दुनिया में एक प्रमुख नाम बन चुकी हैं। लेकिन बहुत से लोग नहीं जानते कि उन्होंने एक्ट्रेस बनने से पहले मेडिकल की पढ़ाई की थी और डॉक्टर बनने का ख्वाब देखा था।


हाल ही में, सोहा अली खान के यूट्यूब टॉक शो 'ऑल अबाउट हर' में मानुषी ने अपने जीवन के उस कठिन दौर के बारे में बताया, जब उन्हें डॉक्टर बनने के लिए कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। विशेष रूप से, 2015 में मेडिकल एंट्रेंस पेपर लीक ने उन्हें गहरे सदमे में डाल दिया था।


मानुषी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, "मैं पेपर लीक को दो दृष्टिकोण से देखती हूं। एक तो मेरा व्यक्तिगत अनुभव और दूसरा देश के लाखों छात्रों की वास्तविकता। मेरे माता-पिता डॉक्टर हैं और वे जानते थे कि मेडिकल की तैयारी कितनी कठिन होती है। इसलिए मैं मानसिक रूप से थोड़ी तैयार थी, लेकिन उस समय को सहन करना आसान नहीं था।"


उन्होंने आगे कहा, "पेपर लीक के बाद मुझे अपनी सारी खुशियों को एक तरफ रखना पड़ा। मैं एक प्रोफेशनल कुचिपुड़ी डांसर थी और मुझे पेंटिंग करना पसंद था। दोस्तों के साथ घूमना-फिरना भी मुझे अच्छा लगता था, लेकिन एंट्रेंस दोबारा होने के कारण मैंने एक साल तक ये सब छोड़ दिया। मेरी पूरी दुनिया सिर्फ पढ़ाई, कोचिंग और किताबों तक सीमित हो गई थी।"


मानुषी ने कहा, "मेरा संघर्ष दूसरों के मुकाबले कुछ भी नहीं है। मैंने कई बच्चों से मुलाकात की, जिनकी कहानियां सुनकर मैं रो पड़ी। उनके माता-पिता ने कोचिंग के लिए कर्ज लिया था। कई बच्चे छोटे शहरों से बड़े शहरों में आए थे और एक छोटे से कमरे में 4-5 लोग रहते थे। वे दिन-रात सिर्फ एक एग्जाम के लिए पढ़ते थे। उनके पास कोई योजना बी नहीं थी।"


उन्होंने पेपर लीक के बाद की स्थिति के बारे में कहा, "जब आपको बताया जाता है कि महीनों की तैयारी के बाद अब 45 दिन और देने हैं, तो मन थक जाता है। मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं कि मुझे परिवार का पूरा समर्थन मिला। मेरे माता-पिता ने कहा था कि चाहे कुछ भी हो, रोज एक घंटा एक्सरसाइज करनी है। यह एक घंटा मेरे दिमाग को तरोताजा रखता था।"


सोहा ने मानुषी से पूछा कि क्या ऐसा कोई पल आया जब उन्हें लगा कि अब डॉक्टर बनने का रास्ता नहीं चुनना है। मानुषी ने उत्तर दिया, "यह फैसला एक दिन में नहीं आया। यह धीरे-धीरे हुआ। मुझे मेडिकल पढ़ाई करना पसंद था, लेकिन जब हम कॉलेज पहुंचे, तो समझ आया कि एंट्रेंस क्लियर करना ही अंतिम पड़ाव नहीं है। असली चुनौती तो अब शुरू हुई है।"


कॉलेज के दिनों को याद करते हुए मानुषी ने कहा, "हमारे सीनियर्स मजाक में कहते थे कि मेडिकल कॉलेज में तुम सिर्फ पहले दो दिन और आखिरी दो दिन खुश रहोगे। बाकी के साल सिर्फ पढ़ाई और थकान में गुजरते हैं। अब समझ आता है कि वह थकान नहीं, बल्कि बर्नआउट था।"


आज मानुषी एक सफल एक्ट्रेस बन चुकी हैं। मिस वर्ल्ड बनने के बाद, उन्होंने 2022 में अक्षय कुमार के साथ फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' से बॉलीवुड में कदम रखा। इसके बाद वह 'द ग्रेट इंडियन फैमिली', 'बड़े मियां छोटे मियां' और 'ऑपरेशन वैलेंटाइन' जैसी फिल्मों में भी नजर आईं।