क्या गांव के लोग हैं ज्यादा फिट? मिलिंद सोमन ने बताई वजहें
मिलिंद सोमन का हेल्दी लाइफस्टाइल पर जोर
मुंबई, 20 दिसंबर। प्रसिद्ध अभिनेता और मॉडल मिलिंद सोमन हमेशा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं। हाल ही में उन्होंने एक मीडिया चैनल के साथ बातचीत में पिंकाथॉन मैराथन के बारे में विस्तार से बताया।
उनका मानना है कि यह मैराथन जल्द ही 'टियर-2' और 'टियर-3' शहरों में महिलाओं के लिए सबसे बड़ी दौड़ बनेगी, जिससे अधिक महिलाएं फिटनेस के प्रति जागरूक होंगी। उन्होंने कहा, "हमारा उद्देश्य महिलाओं को प्रेरित करना है ताकि वे अपनी सेहत का ध्यान रखें और स्वस्थ रहें। जब महिलाएं स्वस्थ रहेंगी, तो वे अपने परिवारों को भी स्वस्थ रखने में मदद कर सकेंगी।"
मिलिंद ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर जोर देते हुए कहा, "फिट रहने के लिए सही जीवनशैली का चयन करना आवश्यक है। हमें भौतिक चीजों के पीछे भागने के बजाय अपने स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।"
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, "अगर मैं भूखा हूं, तो मुझे यह तय करना है कि मैं बिरयानी खाऊं या दाल-चावल। यह समझना हमारे हाथ में है कि क्या सही है और क्या गलत।"
शहरी और ग्रामीण जीवनशैली की तुलना करते हुए उन्होंने कहा, "शहरों में लोग अधिकतर तकनीक पर निर्भर रहते हैं, जिससे उनकी शारीरिक और मानसिक क्षमता प्रभावित होती है। गांव में लोग अधिक शारीरिक श्रम करते हैं, जैसे साइकिल चलाना या पैदल चलना।"
उन्होंने यह भी कहा, "शहरवासी अक्सर सुविधाओं में फंसकर आलसी हो जाते हैं, जैसे लिफ्ट का उपयोग करना।"
अपने करियर के बारे में बात करते हुए मिलिंद ने बताया कि जनवरी-फरवरी में उनका एक तमिल ओटीटी शो रिलीज होने वाला है। वे नए प्रोजेक्ट्स में लगातार सक्रिय हैं।
उन्होंने 90 के दशक के कलाकारों की वापसी पर भी चर्चा की, यह बताते हुए कि ओटीटी प्लेटफॉर्म ने उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के नए अवसर प्रदान किए हैं।