क्या आप जानते हैं शम्मी कपूर की पत्नी नीला देवी का अनोखा जन्मदिन किस्सा?
नीला देवी का यादगार जन्मदिन
मुंबई, 30 सितंबर। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता शम्मी कपूर की पत्नी नीला देवी ने अपने जीवन से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है, जिसे वह आज भी अपने जन्मदिन के साथ जोड़कर याद करती हैं। यह घटना 1968 की है, जब नीला और शम्मी कपूर की शादी नहीं हुई थी। उस समय नीला, शम्मी कपूर की बड़ी प्रशंसक थीं और उनके जन्मदिन पर उनकी सबसे बड़ी ख्वाहिश थी कि शम्मी उनकी पार्टी में शामिल हों। परिवार ने उनकी इस इच्छा को पूरा करने के लिए शम्मी को आमंत्रित किया, लेकिन वह उस दिन नहीं आ सके।
नीला देवी ने यह किस्सा अपने भतीजे और अभिनेता जतिन सियाल के साथ बातचीत में साझा किया। जतिन, दिग्गज अभिनेता पृथ्वीराज कपूर के पोते हैं। जब जतिन ने नीला से पूछा कि क्या उन्हें कोई खास जन्मदिन याद है, तो उन्होंने 1968 के उस जन्मदिन का जिक्र किया, जब शम्मी कपूर उनकी पार्टी में नहीं आ पाए थे।
नीला ने बताया, ''मैं बचपन से शम्मी कपूर की बहुत बड़ी फैन थी, लेकिन उनसे कभी मुलाकात नहीं हुई थी। आपको जानकर हैरानी होगी कि एक ऐसा जन्मदिन था जब वह आए ही नहीं। यही बात इसे खास बनाती है। दरअसल, यह मेरा जन्मदिन था और मेरे भाई ने मेरे लिए एक पार्टी रखी थी। उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मैं किसी खास को बुलाना चाहती हूं? मैंने कहा- हां, शम्मी कपूर।''
उन्होंने आगे कहा, ''यह 1968 की बात है। उस समय मेरी शम्मी कपूर से शादी नहीं हुई थी। मैं सिर्फ उनकी प्रशंसक थी। जब मेरे भाई ने शम्मी को फोन किया, तो उन्होंने कहा- 'मैं अभी कलकत्ता से आया हूं। मैं फिल्म 'ब्रह्मचारी' के प्रीमियर के लिए गया था और वापस आने के बाद बीमार पड़ गया हूं, इसलिए मैं पार्टी में नहीं आ सकता।''
नीला ने कहा, ''शम्मी कपूर ने मेरे भाई से यह भी कहा कि मैं इस बात की भरपाई करूंगा, क्योंकि वह मेरी फैन हैं और उनके लिए जो कुछ कर सकता हूं, जरूर करूंगा। इसके बाद शम्मी कपूर को उस जन्मदिन पर नहीं आने की भरपाई करनी पड़ी।''
गौरतलब है कि उस जन्मदिन के कुछ महीनों बाद नीला देवी और शम्मी कपूर ने शादी कर ली थी। दोनों ने 27 जनवरी 1969 को मुंबई में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में विवाह किया।
शम्मी कपूर ने नीला देवी से पहले अभिनेत्री गीता बाली से शादी की थी। दोनों की मुलाकात फिल्म के सेट पर हुई थी और प्यार के बाद उन्होंने 1955 में शादी की थी। उनके दो बच्चे हुए, आदित्य राज कपूर और कंचन। जनवरी 1965 में गीता बाली का चेचक के कारण निधन हो गया।
गीता बाली के निधन का शम्मी कपूर पर गहरा असर पड़ा। उस समय वह फिल्म 'तीसरी मंजिल' की शूटिंग कर रहे थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, गीता की मौत के बाद शम्मी ने कुछ समय के लिए शूटिंग से दूरी बना ली थी। बाद में जब उन्होंने काम पर वापसी की तो फिल्म के लिए उन्होंने सबसे पहले 'तुमने मुझे देखा' गाना शूट किया। इस गाने में उनके चेहरे पर दिख रहा दर्द दर्शकों के लिए बेहद यादगार बन गया।
शम्मी कपूर का निधन 14 अगस्त 2011 को 79 वर्ष की आयु में हुआ। वह लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे।
--News Media
पीके/एएस