☰
×

क्या आप जानते हैं लता मंगेशकर ने उर्दू कैसे सीखी? दिलीप कुमार का था बड़ा हाथ!

लता मंगेशकर, जिन्हें भारत की स्वर कोकिला कहा जाता है, ने अपने उर्दू उच्चारण को सुधारने के लिए दिलीप कुमार से मिली सलाह पर उर्दू की शिक्षा ली। इस दिलचस्प कहानी में जानें कैसे एक टिप्पणी ने लता को अपनी कमी पहचानने और उसे दूर करने की प्रेरणा दी। उनके संगीत सफर और दिलीप कुमार के साथ की मुलाकात के बारे में और जानें।
 

लता मंगेशकर का संगीत सफर

नई दिल्ली, 27 सितंबर। भारत की स्वर कोकिला लता मंगेशकर की आवाज से शायद ही कोई अपरिचित हो। उन्होंने हिंदी के साथ-साथ मराठी और बंगाली जैसी कई भाषाओं में अपने गायन का जादू बिखेरा। उनकी गायकी में शब्दों का सही उच्चारण, भावनाएं और आवाज की मिठास इतनी अद्भुत थी कि हर गीत सीधे दिल को छू जाता था। लेकिन क्या आपको पता है कि लता मंगेशकर ने अपने उर्दू उच्चारण को सुधारने के लिए उर्दू की शिक्षा ली थी? इसके पीछे एक दिलचस्प कहानी मशहूर अभिनेता दिलीप कुमार से जुड़ी है।


लता मंगेशकर का जन्म 28 सितंबर 1929 को इंदौर में हुआ। बचपन से ही उनका संगीत से गहरा नाता था। पिता दीनानाथ मंगेशकर से प्रारंभिक संगीत शिक्षा लेकर, उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर फिल्म इंडस्ट्री में एक अलग पहचान बनाई।


कहा जाता है कि 1947 में संगीतकार अनिल विश्वास ने लता मंगेशकर की दिलीप कुमार से मुलाकात कराई। यह मुलाकात खास थी, क्योंकि उस समय लता अपने करियर के शुरुआती चरण में थीं और दिलीप कुमार फिल्म इंडस्ट्री में एक बड़ा नाम बन चुके थे।


जब दिलीप कुमार को पता चला कि लता मंगेशकर महाराष्ट्रीयन हैं, तो उन्होंने उनके उर्दू उच्चारण पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जो गायक उर्दू से अच्छी तरह परिचित नहीं होते, उन्हें उर्दू शब्दों के सही उच्चारण में कठिनाई होती है। यह बात लता को चुभ गई।


हालांकि, उन्होंने इस टिप्पणी को केवल आलोचना के रूप में नहीं लिया। उन्होंने इस पर गंभीरता से विचार किया और घर लौटकर उर्दू सीखने का निर्णय लिया। इसके लिए उन्होंने एक विद्वान मौलाना से उर्दू की शिक्षा लेना शुरू किया, जिसमें उन्होंने शब्दों के उच्चारण और भाषा की बारीकियों पर ध्यान केंद्रित किया।


बाद में, लता मंगेशकर ने दिलीप कुमार की आत्मकथा 'द सब्सटेंस एंड द शैडो: एन ऑटोबायोग्राफी' में इस मुलाकात और उर्दू सीखने के अनुभव को याद किया। उन्होंने इस टिप्पणी को अपने लिए एक अनजाना उपहार बताया, जो उन्हें अपनी कमी पहचानने और उसे दूर करने की प्रेरणा दी।