क्या अरशद वारसी को टेक्नोलॉजी से है डर? जानिए उनका मजेदार किस्सा!
अरशद वारसी की टेक्नोलॉजी से जूझने की कहानी
मुंबई, 30 जून। अभिनेता अरशद वारसी ने स्वीकार किया है कि वह तकनीकी मामलों में काफी कमजोर हैं और अक्सर सोशल मीडिया और स्मार्टफोन का उपयोग करते समय गलतियां कर जाते हैं। उन्होंने हाल ही में एक मजेदार घटना साझा की जब वह गलती से सोशल मीडिया पर लाइव हो गए।
अरशद ने कहा, ''मैं तकनीक के मामले में काफी पिछड़ा हुआ महसूस करता हूं। स्मार्टफोन और सोशल मीडिया का उपयोग मेरे लिए चुनौतीपूर्ण है। मैं अक्सर अपने बच्चों या टीम से पूछता हूं कि फोन या ऐप कैसे चलाते हैं, क्योंकि कई चीजें मेरे लिए जटिल होती हैं।''
उन्होंने एक मजेदार किस्सा सुनाते हुए कहा, ''एक बार मैं लंदन में था और मेरा फोन मेरी जेब में था। मुझे यह नहीं पता था कि गलती से मैं इंस्टाग्राम पर लाइव हो गया हूं। मैं अपनी बातों में व्यस्त था और मेरे फॉलोअर्स मेरी बातें सुन रहे थे। इस दौरान मेरी बेटी और मैनेजर मुझे बार-बार फोन कर रहे थे, लेकिन मुझे 'लाइव' का मतलब समझ नहीं आ रहा था। बाद में मुझे पता चला कि यह सब सोशल मीडिया पर रिकॉर्ड हो रहा था।''
अरशद ने यह भी कहा, ''मुझे बटन वाले पुराने फोन ज्यादा पसंद हैं, क्योंकि वे सरल होते हैं और उनमें ज्यादा जटिलता नहीं होती। अगर मेरे हाथ में होता तो मैं एक दिन ऐसा रखना चाहूंगा जब इंटरनेट पूरी तरह बंद हो, ताकि लोग आपस में बातचीत कर सकें। आजकल लोग मोबाइल और इंटरनेट में इतने व्यस्त हो गए हैं कि आम बातचीत कम होती जा रही है।''
उन्होंने यह भी कहा कि यूएई और कुछ खाड़ी देशों द्वारा बच्चों के सोशल मीडिया उपयोग पर जो नियम बनाए गए हैं, वे एक सकारात्मक कदम हैं। तकनीक का सही उपयोग होना चाहिए, खासकर युवा पीढ़ी के लिए सीमाएं आवश्यक हैं।