कौन हैं कावेरी प्रियम? उज्जैन में महाकाल के दर्शन के दौरान क्या कहा उन्होंने?
कावेरी प्रियम का महाकालेश्वर मंदिर दौरा
उज्जैन, 4 अप्रैल। प्रसिद्ध टीवी अभिनेत्री कावेरी प्रियम ने मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन किए। इस अवसर पर उन्होंने बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया और भक्ति में लीन होकर हाथ जोड़कर प्रार्थना की।
नंदी महाराज के समीप खड़ी कावेरी महाकाल की छवि को निहारते हुए नजर आईं। दर्शन के बाद, उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह पिछले तीन वर्षों से लगातार महाकाल के दर्शन के लिए आ रही हैं। उन्होंने कहा, "यहां की ऊर्जा को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। भस्म आरती के समय जो शक्ति मिलती है, वह अद्भुत होती है। इसे केवल अनुभव करके ही समझा जा सकता है। यहां आकर मन को गहरी शांति मिलती है।"
कावेरी ने मंदिर की व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा, "महादेव की कृपा से हर बार मेरे दर्शन सुखद और शांतिपूर्ण होते हैं। यहां का प्रशासन और स्टाफ बहुत अच्छे से काम करते हैं। सब कुछ व्यवस्थित है।"
कावेरी प्रियम टेलीविजन इंडस्ट्री में एक जाना-पहचाना नाम हैं। वह हर साल महाकाल के दर्शन के लिए आती हैं और मंदिर प्रबंधन तथा वहां के कर्मचारियों का धन्यवाद करती हैं। उन्होंने कहा कि यहां की अच्छी व्यवस्था के कारण सभी भक्तों को दर्शन करने में आसानी होती है।
कावेरी ने 'नागिन 2', 'परदेस में है मेरा दिल' और 'सावधान इंडिया' जैसे शो में छोटी भूमिकाओं से अपने करियर की शुरुआत की, लेकिन उन्हें धारावाहिक 'ये रिश्ते हैं प्यार के' में कुहू माहेश्वरी और 'जिद्दी दिल माने ना' में डॉ. मोनामी महाजन के किरदारों ने लोकप्रियता दिलाई।
वर्तमान में, कावेरी 'दूरियां' धारावाहिक में मुख्य भूमिका निभा रही हैं, जहां वह सोनिया का किरदार निभा रही हैं। इससे पहले, वह 'दिल दियां गल्लां' और 'जिद्दी दिल माने ना' जैसे शो का हिस्सा रह चुकी हैं।