×

के. एस. चित्रा के जन्मदिन पर फैंस का प्यार, गायिका ने कहा- 'आपका स्नेह मेरे लिए सबसे बड़ा आशीर्वाद'

भारतीय संगीत की दिग्गज गायिका के. एस. चित्रा ने अपने जन्मदिन पर फैंस के प्यार और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने अपने प्रशंसकों, परिवार और दोस्तों का धन्यवाद किया। चित्रा ने अपने करियर की उपलब्धियों और संगीत यात्रा के बारे में भी बताया। जानें उनके जीवन के खास लम्हों के बारे में इस लेख में।
 

के. एस. चित्रा का जन्मदिन: फैंस का प्यार और आभार




मुंबई, 28 जुलाई। भारतीय संगीत की दुनिया में अपनी अद्भुत आवाज से लाखों दिलों में जगह बनाने वाली के. एस. चित्रा को किसी परिचय की आवश्यकता नहीं है। कई दशकों से संगीत की दुनिया में सक्रिय चित्रा ने विभिन्न भारतीय भाषाओं में कई यादगार गाने गाए हैं। 27 जुलाई को उनके जन्मदिन पर, देश-विदेश से फैंस ने उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं दीं। इस प्यार और सम्मान को देखकर वह भावुक हो गईं और सोशल मीडिया पर सभी का धन्यवाद किया।


चित्रा ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक विशेष पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने अपने फैंस, परिवार, दोस्तों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्षों से मिलने वाला प्यार और समर्थन उनके जीवन की सबसे बड़ी खुशियों में से एक है।


उन्होंने लिखा, "मेरा दिल कृतज्ञता से भरा हुआ है। दुनिया भर से मिले जन्मदिन की शुभकामनाओं, आशीर्वाद, प्यार और प्रार्थनाओं के लिए मैं आप सभी का दिल से धन्यवाद करती हूं। आपका हर मैसेज, हर फोन कॉल और हर खूबसूरत शुभकामनाओं ने मेरे दिल को गहराई से छुआ है। आपका स्नेह मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा आशीर्वाद है।"


चित्रा ने आगे कहा, "मैं अपने प्रशंसकों, दोस्तों, परिवार और मीडिया से जुड़े सभी लोगों का भी धन्यवाद करती हूं। इन सभी ने मेरे जन्मदिन को खास बना दिया। ईश्वर आप सभी को खुशियां, अच्छा स्वास्थ्य, शांति और आनंद प्रदान करें। आप सभी के लिए ढेर सारा प्यार और आभार।"


गायिका को फिल्म इंडस्ट्री में पहला बड़ा अवसर मलयालम संगीतकार एम. जी. राधाकृष्णन ने दिया था। 1979 में उनकी आवाज रिकॉर्ड की गई, जिसके बाद उनकी पहचान बनने लगी। 1982 में आई फिल्म 'केलकथा शब्दम' से उनके प्लेबैक सिंगिंग करियर की शुरुआत हुई।


इसके बाद चित्रा ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने मलयालम, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, हिंदी सहित कई भाषाओं में हजारों गाने गाए। उनकी आवाज को इतना पसंद किया गया कि उन्हें 'केरल की कोकिला' और 'लिटिल नाइटिंगेल ऑफ इंडिया' जैसे उपनाम मिले।


संगीत की दुनिया में चित्रा ने ए. आर. रहमान, इलैयाराजा, एम. एम. कीरवानी जैसे कई बड़े संगीतकारों के साथ काम किया। हिंदी सिनेमा में भी उन्होंने कई हिट गाने दिए, जैसे कि फिल्म 'बॉम्बे' का गाना 'कहना ही क्या' आज भी लोगों की जुबान पर है।


चित्रा की करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में छह नेशनल फिल्म अवॉर्ड शामिल हैं। इसके अलावा, उन्होंने कई फिल्मफेयर अवॉर्ड, राज्य सरकारों के पुरस्कार और 2005 में पद्म श्री तथा 2021 में पद्म भूषण जैसे बड़े सम्मान भी प्राप्त किए। 2001 में उन्होंने लंदन के प्रतिष्ठित रॉयल अल्बर्ट हॉल में भी प्रस्तुति दी।