×

के. एस. चित्रा का जन्मदिन: जानें क्यों हैं भारतीय संगीत की रानी?

भारतीय संगीत की दिग्गज गायिका के. एस. चित्रा ने हाल ही में अपने जन्मदिन पर प्रशंसकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने करियर में कई भाषाओं में हजारों गाने गाए हैं और उन्हें 'केरल की कोकिला' के नाम से भी जाना जाता है। जानें उनके संगीत सफर, उपलब्धियों और उनके दिल को छूने वाले संदेश के बारे में।
 

भारतीय संगीत की दिग्गज के. एस. चित्रा का जन्मदिन


मुंबई, 28 जुलाई। भारतीय संगीत की दुनिया में अपनी अद्भुत आवाज से लाखों दिलों में जगह बनाने वाली के. एस. चित्रा को किसी परिचय की आवश्यकता नहीं है। कई दशकों से संगीत की दुनिया में अपनी छाप छोड़ने वाली चित्रा ने विभिन्न भारतीय भाषाओं में कई यादगार गाने गाए हैं। 27 जुलाई को उनके जन्मदिन पर, देश-विदेश से उनके प्रशंसकों ने उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं दीं। इस प्यार और सम्मान को देखकर वह भावुक हो गईं और सोशल मीडिया पर सभी का धन्यवाद किया।


चित्रा ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक विशेष पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने अपने जन्मदिन पर मिले प्यार, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए अपने प्रशंसकों, परिवार, दोस्तों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्षों से मिलने वाला यह प्यार और समर्थन उनके जीवन की सबसे बड़ी खुशियों में से एक है।


उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "मेरा दिल कृतज्ञता से भरा हुआ है। दुनिया भर से मिले जन्मदिन की शुभकामनाओं, आशीर्वाद, प्यार और प्रार्थनाओं के लिए मैं आप सभी का दिल से धन्यवाद करती हूं। आपका हर संदेश, हर फोन कॉल और हर खूबसूरत शुभकामनाएं मेरे दिल को गहराई से छू गई हैं। आपका स्नेह मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा आशीर्वाद है।"


चित्रा ने आगे कहा, "मैं अपने प्रशंसकों, दोस्तों, परिवार, शुभचिंतकों और मीडिया से जुड़े सभी लोगों का भी धन्यवाद करती हूं। इन सभी ने मेरे जन्मदिन को खास बना दिया। ईश्वर आप सभी को खुशियां, अच्छा स्वास्थ्य, शांति और आनंद प्रदान करें। आप सभी के लिए ढेर सारा प्यार और आभार।"


गायिका को फिल्मी दुनिया में पहला बड़ा मौका मलयालम संगीतकार एम. जी. राधाकृष्णन ने दिया था। 1979 में उनकी आवाज रिकॉर्ड की गई थी, जिसके बाद उनकी पहचान बनने लगी। 1982 में आई फिल्म 'केलकथा शब्दम' से उनके प्लेबैक सिंगिंग करियर की शुरुआत मानी जाती है।


इसके बाद चित्रा ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने मलयालम, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, हिंदी सहित कई भाषाओं में हजारों गाने गाए। उनकी आवाज को इतना पसंद किया गया कि उन्हें 'केरल की कोकिला' और 'लिटिल नाइटिंगेल ऑफ इंडिया' जैसे उपनाम मिले।


संगीत की दुनिया में चित्रा ने ए. आर. रहमान, इलैयाराजा, एम. एम. कीरवानी जैसे कई बड़े संगीतकारों के साथ काम किया। हिंदी सिनेमा में भी उन्होंने कई हिट गाने दिए, जैसे कि फिल्म 'बॉम्बे' का गाना 'कहना ही क्या' जो आज भी लोगों की जुबान पर है।


चित्रा की करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में छह नेशनल फिल्म अवॉर्ड शामिल हैं। इसके अलावा, उन्होंने कई फिल्मफेयर अवॉर्ड, राज्य सरकारों के पुरस्कार और 2005 में पद्म श्री तथा 2021 में पद्म भूषण जैसे बड़े सम्मान प्राप्त किए। 2001 में उन्होंने लंदन के प्रतिष्ठित रॉयल अल्बर्ट हॉल में भी प्रस्तुति दी।