किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर सुदेश भोसले ने किया भावुक श्रद्धांजलि का पोस्ट
सुदेश भोसले का किशोर कुमार के प्रति सम्मान
मुंबई, 13 अक्टूबर (वेब वार्ता)। प्रसिद्ध गायक सुदेश भोसले ने मंगलवार को किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनका मानना है कि किशोर कुमार की आवाज आज भी लोगों के दिलों में जीवित है और भविष्य में भी कभी फीकी नहीं पड़ेगी।
सुदेश भोसले ने अपने इंस्टाग्राम पर किशोर कुमार के साथ कई पुरानी तस्वीरें साझा कीं, जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे किशोर की आवाज और संगीत लोगों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गए हैं।
उन्होंने लिखा, “कुछ आवाजें केवल गाने नहीं गातीं, वे हमारी आत्मा का हिस्सा बन जाती हैं। किशोर कुमार दा, एक ऐसी आवाज हैं, जो कभी फीकी नहीं पड़ सकती, एक ऐसे लीजेंड, जो हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे।”
किशोर कुमार के साथ अपने संबंध को याद करते हुए, सुदेश ने कहा कि लीजेंडरी सिंगर के साथ बिताए गए हर क्षण, याद और पल उनके जीवन का अनमोल हिस्सा बनकर रहेगा।
सुदेश ने कहा, “किशोर दा के साथ बिताया हर लम्हा मेरे लिए एक खजाना है। आपकी बहुत याद आती है, किशोर दा। आपका जादू कभी खत्म नहीं होगा, आपकी आवाज अमर है और आपकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। लीजेंड कभी सच में हमें छोड़कर नहीं जाते... वो अपने संगीत के जरिए जिंदा रहते हैं।”
ज्ञात हो कि सुदेश भोसले किशोर कुमार को अपना गुरु मानते हैं। दोनों के बीच का संबंध एक गुरु और शिष्य के साथ-साथ संगीत के प्रति गहरे जुड़ाव का रहा है। सुदेश ने कई मंचों और साक्षात्कारों में यह स्वीकार किया है कि वे किशोर कुमार से बहुत प्रेरित रहे हैं।
सुदेश भोसले और किशोर कुमार का संगीत संबंध 1989 की फिल्म ‘मालामाल’ के गाने ‘माल को देखे’ से शुरू हुआ, जिसमें अमित कुमार भी शामिल थे। सुदेश भोसले किशोर कुमार के बड़े प्रशंसक हैं और उनकी आवाज की हूबहू नकल करने के लिए भी जाने जाते हैं।