करणवीर बोहरा ने पिता को भावुक श्रद्धांजलि दी, साझा की यादें
करणवीर बोहरा का भावुक संदेश
मुंबई, 4 मार्च। समय का पहिया कभी स्थिर नहीं रहता। जहां एक ओर होली का त्योहार सभी के लिए खुशियों का प्रतीक है, वहीं टेलीविजन के जाने-माने अभिनेता करणवीर बोहरा के लिए यह दिन बेहद भावुक और यादों से भरा रहा।
जब अधिकांश लोग होली के रंगों में खोए हुए थे, करणवीर अपने पिता महेंद्र बोहरा की यादों में डूबे रहे। उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपने पिता को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट साझा किया।
करणवीर ने लिखा, "पापा, मैं आपसे बहुत प्यार करता हूं। आपकी यादों को शब्दों में नहीं कह सकता। आपकी कमी हमेशा महसूस होती रहेगी। जो लोग अपने माता-पिता को खो चुके हैं, वे इस खालीपन को समझते हैं, लेकिन मुझे इस दर्द में सुकून है कि आपने एक सुंदर और पूर्ण जीवन जिया। आप हमेशा कहते थे कि बिना किसी तकलीफ के इस दुनिया से जाना चाहते हैं, और सच में आप ऐसे ही गए, शांति से।"
उन्होंने आगे कहा कि पिता ने उन्हें जीवन की महत्वपूर्ण बातें सिखाईं। मुश्किल समय में भी उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए और हमेशा उठकर आगे बढ़ना चाहिए। जीवन को उत्साह और सकारात्मकता के साथ जीना चाहिए।
करणवीर ने बताया, "आपने मुझे सपने देखने, काम में ईमानदारी रखने और कुछ भी अधूरा न छोड़ने की शिक्षा दी। सबसे बड़ी सीख इंसानियत से पेश आना थी। आपने सिखाया कि इंसान को उसके कपड़ों से नहीं, बल्कि उसके व्यवहार और सम्मान से पहचाना जाता है।"
उन्होंने कहा, "हर कोई जो पापा के बारे में बात करता है, एक ही बात कहता है: आप बहुत अच्छे इंसान थे। मुझे गर्व है कि मैं आपका बेटा हूं। मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानता हूं।"
अंत में करणवीर ने लिखा, "पापा, मेरी जान, मेरा दिल हमेशा आपके लिए रहेगा। अब आप अपनी अगली यात्रा पर शांति से जाएं। मैं यहां सब संभाल लूंगा।"