उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के घर को लेकर अनुभव सिन्हा की भावनाएं: क्या खो रहा है बनारस?
अनुभव सिन्हा की नाराजगी और बिस्मिल्लाह खान का घर
मुंबई, 9 नवंबर। हाल ही में दिवंगत शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के निवास को तोड़े जाने की खबरों के बीच फिल्म निर्माता अनुभव सिन्हा ने समाज के दृष्टिकोण पर अपनी नाराजगी व्यक्त की। सोशल मीडिया पर यह दावा किया गया था कि घर को सड़क निर्माण के लिए ध्वस्त किया जा रहा है, लेकिन वाराणसी विकास प्राधिकरण ने इस बात से इनकार किया है। प्राधिकरण के अनुसार, परिवार ने खुद घर को मरम्मत और नए निर्माण के लिए तोड़ा है।
अनुभव सिन्हा ने सोमवार को अपने एक्स अकाउंट पर एक विस्तृत पोस्ट साझा किया। उन्होंने वाराणसी के युवा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ शहर की यात्रा का अनुभव साझा किया। उन्होंने लिखा, ''कुछ महीने पहले मैं वाराणसी गया था। वहां कई युवा इन्फ्लुएंसर्स हैं जो अपनी पहचान बना रहे हैं, लेकिन उन्होंने मुझे एक बार फिर मेरा बनारस दिखाया। वे इस शहर को मुझसे बेहतर जानते हैं और इससे बहुत प्यार करते हैं।''
उन्होंने आगे बताया कि उस्ताद का घर उस स्थिति में नहीं था, जैसा कि एक महान कलाकार का होना चाहिए। उन्होंने बिस्मिल्लाह खान को एक ईमानदार व्यक्ति बताते हुए कहा कि शायद उन्होंने कभी इतना धन नहीं कमाया कि जिस घर से उन्हें इतनी शोहरत मिली, उसके आसपास की जगह को सुधार सकें।
अनुभव ने लिखा, ''आज भी उनके सभी एल्बम सुनाई देते हैं, लेकिन मुझे बताया गया कि रॉयल्टी का एक भी पैसा उनके घर तक नहीं पहुंचता। उनके परिवार ने हमें बहुत प्यार से स्वागत किया। उनका कमरा छत पर था। परिवार के सदस्य हमें वहां ले गए और कमरा दिखाया। वहां एक कुर्सी और लकड़ी का पलंग था, जिस पर वह सोया करते थे। अलमारी में कुछ टूटी हुई शहनाइयां रखी थीं। वह उसी छत पर बैठकर रियाज करते थे।''
उन्होंने अपनी भावनाओं को साझा करते हुए कहा कि वहां बैठकर उनकी आंखों में आंसू आ गए। अनुभव ने उस्ताद से जुड़ा एक पुराना किस्सा भी साझा किया, जिसमें एक पत्रकार ने उनसे पूछा था कि शहनाई बजाते समय उनके चेहरे पर मुस्कान क्यों आ जाती है। उस्ताद ने उत्तर दिया था, ''हर दिन सही सुर कैसे लग सकता है? जब ऐसा होता है, तो दिल खुश हो जाता है।''
अनुभव ने यूरोप यात्रा का एक किस्सा भी सुनाया, जब उन्होंने अपने फ्रांसीसी दोस्त को बिस्मिल्लाह खान का संगीत सुनाया। उन्होंने बताया कि कैसे उनके दोस्त ने बिस्मिल्लाह खान के संगीत को सुनकर आश्चर्य व्यक्त किया।
अनुभव ने बिस्मिल्लाह खान के वाराणसी से गहरे संबंध का भी उल्लेख किया। उन्होंने लिखा, ''उस्ताद को दुनियाभर से बुलावा आता था, लेकिन वह हमेशा वाराणसी लौट आते थे। उनका मानना था कि दुनिया में बनारस जैसी कोई दूसरी जगह नहीं है।''
उन्होंने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि बिस्मिल्लाह खान मां सरस्वती और भगवान शिव के भक्त थे। उनका संगीत अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है।
इस बीच, वाराणसी विकास प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के घर को तोड़ने का कोई आदेश नहीं दिया गया था। परिवार ने पुनर्निर्माण के बाद उसी स्थान पर एक संग्रहालय बनाने का प्रस्ताव रखा है।