ईशा कोप्पिकर ने मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए उठाई आवाज़!
महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने की पहल
मुंबई, 28 मई। अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर ने 'मासिक धर्म स्वच्छता दिवस' के अवसर पर महिलाओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया। उन्होंने एक विशेष पोस्ट के माध्यम से मासिक धर्म से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा करने और इस विषय से जुड़ी शर्म को दूर करने का संदेश दिया।
ईशा ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें मासिक धर्म के दौरान उपयोग होने वाली स्वच्छता से संबंधित वस्तुएं दिखाई दे रही हैं। उनके इस प्रयास का उद्देश्य महिलाओं और लड़कियों को जागरूक करना है।
उन्होंने लिखा, "मासिक धर्म (पीरियड्स) एक स्वाभाविक प्रक्रिया है और इसके बारे में बात करने में कोई संकोच नहीं होना चाहिए। कई वर्षों तक इस विषय पर चुप्पी और संकोच बना रहा। अब हमें इस सोच को बदलने का समय आ गया है।"
ईशा ने सभी से अपील की, "मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर आइए हम जागरूकता, देखभाल और खुली बातचीत को बढ़ावा दें, ताकि हर लड़की और महिला स्वस्थ, सुरक्षित और आत्मविश्वास के साथ जीवन जी सके।"
गौरतलब है कि 'मासिक धर्म स्वच्छता दिवस' हर साल 28 मई को मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं और लड़कियों को माहवारी के दिनों में स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। इसके साथ ही, इस प्राकृतिक प्रक्रिया को लेकर समाज में फैली रूढ़िवादी सोच और चुप्पी को तोड़ना है, ताकि महिलाएं बिना किसी डर या शर्म के अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख सकें।
28 मई को इस विशेष दिन को मनाने का कारण यह है कि महिलाओं का मासिक चक्र औसतन 28 दिनों का होता है, और माहवारी आमतौर पर 5 दिनों तक रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए मई महीने के 28 तारीख को यह दिवस निर्धारित किया गया है।
ईशा कोप्पिकर ने इंडस्ट्री में कई वर्षों से योगदान दिया है। उनकी हालिया तमिल साइंस-फिक्शन एक्शन फिल्म 'अयलान' 2024 में रिलीज होने वाली है, जिसमें उनके साथ मुख्य भूमिका में शिवकार्तिकेयन हैं।