×

आसिम रियाज ने भव्या सिंह के खिलाफ उठाया कानूनी कदम, जानें क्या है मामला!

आसिम रियाज ने भव्या सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है, जिसमें उन्होंने उनके द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों का खंडन किया है। भव्या ने एक पॉडकास्ट में आसिम और हिमांशी खुराना के ब्रेकअप के कारणों पर चर्चा की थी, जिसमें उन्होंने हिंसा के आरोप लगाए। आसिम की कानूनी टीम ने इन दावों को गलत बताया है और मीडिया चैनलों से विवादास्पद सामग्री हटाने की मांग की है। जानें इस मामले की पूरी कहानी और आसिम की प्रतिक्रिया।
 

आसिम रियाज का कानूनी कदम


मुंबई, 30 अगस्त। 'बिग बॉस 13' के फेम आसिम रियाज एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और 'एमटीवी स्प्लिट्सविला 12' की पूर्व प्रतियोगी भव्या सिंह ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में आसिम और उनकी पूर्व प्रेमिका हिमांशी खुराना के रिश्ते पर कुछ विवादास्पद टिप्पणियां की हैं। इन टिप्पणियों के बाद, आसिम ने कानूनी कार्रवाई का सहारा लेने का निर्णय लिया है। उन्होंने भव्या सिंह और संबंधित मीडिया चैनलों को 'सीज एंड डिसिस्ट' नोटिस भेजा है।


भव्या ने पॉडकास्ट में आसिम और हिमांशी के ब्रेकअप के कारणों पर चर्चा की थी, जिसमें उन्होंने आसिम पर हिंसा और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए। उनके बयान सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गए, जिसके बाद आसिम की कानूनी टीम ने इन आरोपों को पूरी तरह से गलत और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया।


आसिम के वकील द्वारा जारी नोटिस में भव्या के पॉडकास्ट में किए गए दावों का उल्लेख किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि भव्या ने कहा था, 'मुझे पहले ये सुनने को मिला था कि आसिम और हिमांशी का ब्रेकअप क्यों हुआ, तो किसी ने कहा कि 'वह पागल है, मारता-पीटता है।''


भव्या ने यह भी कहा कि आसिम एक अज्ञात महिला पर आर्थिक रूप से निर्भर हैं और दुबई में उसी महिला के पैसे पर रह रहे हैं। आसिम की कानूनी टीम ने इन दावों को झूठा और बिना आधार का बताया है।


आसिम के कानूनी प्रतिनिधियों ने नोटिस में कहा है कि इन बयानों के माध्यम से अभिनेता पर हिमांशी खुराना के खिलाफ शारीरिक हिंसा का गलत आरोप लगाया गया है। इसके साथ ही उनकी व्यक्तिगत और आर्थिक स्थिति पर भी ऐसे दावे किए गए हैं जिनका कोई प्रमाण नहीं है।


आसिम का कहना है कि इन बयानों ने उनकी प्रतिष्ठा, सार्वजनिक छवि और पेशेवर स्थिति को नुकसान पहुंचाया है।


कानूनी नोटिस के माध्यम से भव्या सिंह को भविष्य में आसिम रियाज के खिलाफ किसी भी मानहानिकारक या कानूनी कार्रवाई योग्य बयान देने से रोकने के लिए कहा गया है। साथ ही, संबंधित मीडिया चैनलों से विवादास्पद पॉडकास्ट और उससे जुड़े सामग्री को हटाने की मांग की गई है।


नोटिस में चेतावनी दी गई है कि यदि 72 घंटे के भीतर मांगों का पालन नहीं किया गया, तो आसिम की ओर से उचित कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। यदि विवादित बयानों या सामग्री को आगे भी साझा किया गया, तो इसके गंभीर कानूनी परिणाम हो सकते हैं।


आसिम रियाज और हिमांशी खुराना का रिश्ता 'बिग बॉस 13' के दौरान काफी चर्चित रहा था। शो में उनकी नजदीकियों ने दर्शकों का ध्यान खींचा, लेकिन बाद में दोनों अलग हो गए।