आशा भोसले के निधन पर संगीत जगत में शोक की लहर: जानें क्या कहा उनके करीबी दोस्तों ने
संगीत की रानी का निधन
मुंबई, 12 अप्रैल। आशा भोसले, जिनकी आवाज ने हिंदी और अन्य भाषाओं में करोड़ों दिलों को छुआ, के निधन से हर कोई गहरे दुख में है।
प्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर कुणाल गांजावाला, मधुश्री और संगीतकार शमीर टंडन ने इस दुखद घटना पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
कुणाल ने कहा, "आशा भोसले को कार्डियक अरेस्ट के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया था। उस समय मैंने भगवान से प्रार्थना की कि वह जल्दी ठीक हो जाएं, क्योंकि वह केवल एक सिंगर नहीं, बल्कि भारत का एक अनमोल रत्न थीं। उनके बारे में कहने के लिए शब्द भी कम पड़ रहे हैं।"
उन्होंने आगे बताया, "हमने साथ में दो महीने का टूर किया था और हमेशा शो के बाद एक साथ खाना खाते थे। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है। वह हमेशा भारतीयों के दिलों में जिंदा रहेंगी।"
कैलाश खेर ने एक भावुक वीडियो में अपने दुख को व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जैसे जन्म का जश्न मनाया जाता है, वैसे ही आशा जी के जाने का भी जश्न होना चाहिए, क्योंकि उन्होंने संगीत को अमर बना दिया।
गायिका मधुश्री ने कहा, "आशा जी पहली सिंगर थीं, जिनकी आवाज में रोमांटिक और पॉप गाने गाते समय कोई बदलाव नहीं आता था। उनका जाना हमारे संगीत उद्योग के लिए एक बड़ा नुकसान है।"
उन्होंने यह भी कहा कि आशा जी सभी सिंगर्स के लिए एक प्रेरणा थीं, जिनमें वह ऊर्जा थी जो हर गाने में जान डाल देती थी।
संगीतकार शमीर टंडन ने कहा कि आशा जी के लिए उम्र कभी मायने नहीं रखती थी। वह इस उम्र में भी गा रही थीं और काम कर रही थीं। उन्होंने आलिया भट्ट के लिए गाना गाने की योजना बनाई थी, क्योंकि उन्हें लगता था कि उनकी आवाज आलिया के चेहरे पर फिट बैठेगी। आशा जी हमेशा कहती थीं कि जब उनकी मृत्यु हो, तो उनके लिए रोना नहीं, बल्कि मुस्कुराना चाहिए। वह 92 साल की उम्र में भी सक्रिय थीं।