☰
×

आफताब शिवदासानी ने पुरी में जगन्नाथ मंदिर में किए दर्शन, ओडिशा की संस्कृति की की सराहना

आफताब शिवदासानी ने पुरी में जगन्नाथ मंदिर का दौरा किया और भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने ओडिशा की संस्कृति और लोगों की प्रशंसा की, साथ ही फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से खुश रहने और समाज की सेवा करने की अपील की। जानें उनके अनुभव और भावनाएं इस अद्भुत यात्रा के बारे में।
 

आफताब शिवदासानी का पुरी दौरा




पुरी, 27 नवंबर। अभिनेता और निर्माता आफताब शिवदासानी ने पहली बार श्री जगन्नाथ मंदिर का दौरा किया। उन्होंने भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की खुशी व्यक्त की और ओडिशा की संस्कृति तथा लोगों की प्रशंसा की। साथ ही, उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से खुश रहने और समाज की सेवा करने की अपील की।


मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, "मैं अभी जगन्नाथजी के दर्शन करके लौटा हूं और यह अनुभव अद्भुत रहा। जब जगन्नाथजी का बुलावा आता है, तो कोई भी उसे ठुकरा नहीं सकता। मैं वर्षों से यहां आने की इच्छा रखता था, लेकिन नहीं आ सका। आज उनका बुलावा आया और मैं यहां हूं, इसके लिए मैं उनका दिल से आभारी हूं।"


आफताब ने कहा कि वह खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें जगन्नाथजी के दर्शन का अवसर मिला। उन्होंने कहा, "यह मेरी किस्मत है कि मैंने इतने अच्छे से दर्शन किए और मैं आशा करता हूं कि वे मुझे फिर से बुलाएं। मैं यही चाहता हूं कि मुझे बार-बार यहां बुलाया जाए।"


उन्होंने ओडिशा की संस्कृति की तारीफ करते हुए कहा, "मुझे ओडिशा आना बहुत पसंद है और मैं किसी न किसी कारण से यहां आता रहता हूं। यहां के लोग और संस्कृति मुझे बहुत भाती है, खासकर यहां के लोगों का प्यार।"


जब उनसे पूछा गया कि वह इंडस्ट्री के लोगों को क्या संदेश देना चाहेंगे, तो उन्होंने कहा, "मैं बस यही कहना चाहूंगा कि खुश रहें और लोगों की सेवा करते रहें।"