×

अमृता राव: सादगी से जीती दर्शकों का दिल, जानें उनके सफर की कहानी

अमृता राव, एक ऐसी अभिनेत्री हैं जिन्होंने अपनी सादगी और सहज अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है। फिल्म 'विवाह' में उनके किरदार 'पूनम' ने उन्हें हर घर में पहचान दिलाई। जानें उनके करियर की शुरुआत, निजी जीवन और वर्तमान में वे क्या कर रही हैं। अमृता ने न केवल हिंदी सिनेमा में बल्कि तेलुगू सिनेमा में भी अपनी छाप छोड़ी है। उनके जीवन के अनुभव और यूट्यूब चैनल 'कपल ऑफ थिंग्स' के बारे में भी जानें।
 

अमृता राव का फिल्मी सफर




मुंबई, 6 जून। सिनेमा की दुनिया में कई अभिनेत्रियां आईं और गईं, लेकिन कुछ ऐसे चेहरे होते हैं जो अपनी सरलता और स्वाभाविक अभिनय के कारण दर्शकों के दिलों में लंबे समय तक बने रहते हैं। अमृता राव भी उन्हीं में से एक हैं। विशेष रूप से फिल्म 'विवाह' में उनके द्वारा निभाए गए 'पूनम' के किरदार ने उन्हें हर घर में पहचान दिलाई। भले ही उन्होंने कम फिल्मों में काम किया, लेकिन उनकी छाप अद्वितीय रही।


अमृता राव का जन्म 7 जून 1981 को मुंबई में हुआ। उनका पालन-पोषण एक पारंपरिक कोंकणी परिवार में हुआ। प्रारंभिक शिक्षा उन्होंने मुंबई के अंधेरी स्थित एक स्कूल से प्राप्त की और फिर सोफिया कॉलेज में मनोविज्ञान में स्नातक की पढ़ाई शुरू की। हालांकि, मॉडलिंग की दुनिया ने उन्हें अपनी ओर आकर्षित किया, जिसके चलते उन्होंने पढ़ाई को अधूरा छोड़कर मॉडलिंग में करियर बनाने का निर्णय लिया।


अमृता ने शुरुआत में कई विज्ञापनों में काम किया और धीरे-धीरे उनकी पहचान बढ़ी। उन्हें म्यूजिक वीडियो में भी काम करने का अवसर मिला, जिससे उनका आत्मविश्वास और सहजता दर्शकों को भाने लगी। इसी दौरान फिल्म निर्माताओं की नजर उन पर पड़ी और बॉलीवुड में उनके लिए दरवाजे खुल गए।


2002 में अमृता ने फिल्म 'अब के बरस' से बॉलीवुड में कदम रखा। उनकी पहली फिल्म ने ही दर्शकों का ध्यान खींचा। इसके बाद उनका करियर लगातार ऊंचाई पर पहुंचता गया। 2003 में आई 'इश्क विश्क' ने उनके करियर में एक महत्वपूर्ण मोड़ लाया। इस फिल्म में उन्होंने शाहिद कपूर के साथ काम किया और उनकी जोड़ी दर्शकों को बहुत पसंद आई। फिल्म की सफलता के बाद अमृता युवा दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो गईं।


इसके बाद उन्होंने 'मस्ती', 'मैं हूं ना', 'वाह लाइफ हो तो ऐसी', 'शिखर' और 'प्यारे मोहन' जैसी फिल्मों में भी काम किया। लेकिन उनकी सबसे यादगार फिल्म 'विवाह' है, जिसमें उन्होंने 'पूनम' का किरदार निभाया। उनकी सादगी और पारिवारिक संस्कार ने दर्शकों का दिल जीत लिया। आज भी लोग उन्हें 'पूनम' के नाम से याद करते हैं।


अमृता ने केवल हिंदी सिनेमा तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि उन्होंने तेलुगू सिनेमा में भी काम किया और अभिनेता महेश बाबू के साथ फिल्म 'अतिथि' में नजर आईं। इस फिल्म को भी दर्शकों ने सराहा। इसके बाद अमृता ने 'वेलकम टू सज्जनपुर', 'जॉली एलएलबी', 'सिंह साहब द ग्रेट', 'सत्याग्रह' और 'ठाकरे' जैसी फिल्मों में भी अपनी अभिनय क्षमता का परिचय दिया।


निजी जीवन में, अमृता ने लंबे समय तक रेडियो जॉकी अनमोल सूद को डेट किया और 2016 में सादगी से शादी की। अमृता एक बेटे की मां हैं, जिसका नाम उन्होंने वीर रखा है। शादी के बाद, अमृता ने फिल्मों से कुछ दूरी बना ली और परिवार को प्राथमिकता दी।


वर्तमान में, अमृता राव अपने पति आरजे अनमोल के साथ 'कपल ऑफ थिंग्स' नामक यूट्यूब चैनल चला रही हैं, जहां वह अपने जीवन के अनुभव साझा करती हैं और कई चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू भी करती हैं।