अनुष्का सेन बनीं भारत की ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर, जानें उनकी प्रेरणादायक बातें!
अनुष्का सेन का नया सम्मान
मुंबई, 21 अक्टूबर। टेलीविजन और एंटरटेनमेंट की दुनिया में अपनी पहचान बना चुकी अभिनेत्री अनुष्का सेन को 2026 न्यूपोर्ट बीच फिल्म फेस्टिवल में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया है। इस सम्मान को लेकर अनुष्का ने अपनी खुशी व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि भारत की कहानियों में इतनी शक्ति है कि उन्हें वैश्विक स्तर पर सुना जाना चाहिए। यह केवल एक टाइटल नहीं है, बल्कि भारतीय प्रतिभा और कहानियों को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने का एक अवसर है।
इस उपलब्धि पर अनुष्का ने कहा, ''न्यूपोर्ट बीच फिल्म फेस्टिवल में भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए एक ऐसा क्षण है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। यह मेरे लिए सिर्फ एक टाइटल से कहीं अधिक है। यह उन कहानियों के बारे में है, जिन्हें हम अपने साथ लेकर चलते हैं, उन सीमाओं के बारे में है जिन्हें हम पार करते हैं और उन रास्तों के बारे में है जिन्हें हम अपने बाद आने वालों के लिए खोलते हैं।''
अनुष्का ने आगे कहा, "भारत में अद्भुत प्रतिभा है और यहां की कहानियां विश्व स्तर पर सुनने के योग्य हैं। मैं चाहती हूं कि हर युवा भारतीय यह समझे कि अपने देश को गर्वित करने के लिए किसी विशेष ढांचे में ढलने की आवश्यकता नहीं है। आपकी उत्पत्ति आपकी सबसे बड़ी ताकत हो सकती है। आपके सपने कभी भी आपकी परिस्थितियों से सीमित नहीं होने चाहिए।"
अनुष्का लगातार अंतरराष्ट्रीय एंटरटेनमेंट में नए अवसरों की तलाश कर रही हैं। उन्हें उम्मीद है कि उनका सफर अन्य युवाओं को अपने सपनों पर विश्वास करने और वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने कहा, ''मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानती हूं कि मुझे यह अनुभव मिल रहा है। मैं चाहती हूं कि अधिक से अधिक युवा भारतीयों को वैश्विक मंच पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिले। अगर मेरे सफर से किसी एक व्यक्ति को भी आत्मविश्वास और अपने सपनों की ओर पहला कदम बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है, तो यह मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण होगा।''
अभिनेत्री ने कहा कि उनके लिए असली सफलता भारतीय कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाते देखना है। उन्होंने कहा, ''मेरे लिए असली उपलब्धि भारतीय प्रतिभा को वैश्विक मंच पर अपनी जगह बनाते देखना है। मुझे अपने देश का प्रतिनिधित्व करने पर गर्व है और मैं चाहती हूं कि यह अवसर केवल मेरे लिए नहीं, बल्कि किसी बड़ी चीज के लिए भी महत्वपूर्ण हो।''
गौरतलब है कि अनुष्का सेन कोरियन फिल्म प्रोजेक्ट 'जेजू ओले' में डेब्यू करने वाली पहली भारतीय बनी थीं। अब न्यूपोर्ट बीच फिल्म फेस्टिवल में भारत की ग्लोबल एंबेसडर के रूप में उनकी नियुक्ति ने उनके अंतरराष्ट्रीय सफर में एक और उपलब्धि जोड़ दी है।