अनुपम खेर ने मां की याद में किया भावुक पोस्ट, जानें क्या कहा!
अनुपम खेर की मां के प्रति भावनाएं
मुंबई, 22 अक्टूबर। प्रसिद्ध अभिनेता अनुपम खेर इस समय अपने काम में व्यस्त हैं और घर से दूर हैं। हाल ही में, उन्होंने अपनी मां दुलारी को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट साझा किया। अनुपम ने बताया कि उन्हें अपनी मां से मिले हुए लगभग दो महीने हो गए हैं।
उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी मां की दो तस्वीरें साझा कीं और बताया कि वह रोज अपने भाई राजू खेर के माध्यम से फेसटाइम पर उनसे बात करते हैं।
अनुपम ने पोस्ट में लिखा, "मां से मिले हुए लगभग दो महीने हो गए हैं। लेकिन रोजाना राजू के फोन पर फेसटाइम पर बात हो जाती है, क्योंकि मां स्मार्टफोन का उपयोग नहीं करतीं। आज बात करते हुए उन्होंने मुझसे पूछा, 'तू कब आएगा? कितने दिन हो गए तुझसे मिले हुए। तू मेरी शक्ल भूल तो नहीं गया?'
अभिनेता ने कहा कि मां की बातें सुनकर वह भावुक हो गए। उन्होंने लिखा, "मां की यह बात सुनकर मुझे हंसी भी आई और आंखें भी भर आईं। कितनी मासूम हैं मां। मैं वीडियो कॉल पर उनसे बात कर रहा था और समझ रहा था कि वह क्या कहना चाहती हैं। असल में, जब तक वह मुझे गले न लगाएं और पास बैठकर बातें न करें, तब तक मां के लिए मिलना अधूरा है।"
अनुपम ने आगे कहा, "फोन पर तो बस चेहरा दिखता है, लेकिन बच्चे के घर आने का इंतजार हमेशा बना रहता है।" उन्होंने बताया कि मां ने फिर कहा, "अच्छा चल, अपना खयाल रखना। कोई बात नहीं… कोई बात नहीं।" उन्होंने कहा कि मां की इस 'कोई बात नहीं' में बहुत कुछ छिपा होता है।
अभिनेता ने अपनी मां के लिए लिखा, "कैसे बताऊं आपको मां, आपका चेहरा मेरे दिल में बसा हुआ है। जब मैं आंखें बंद करता हूं, तो आपके हजारों चेहरे नजर आते हैं। कभी हंसते हुए, कभी डांटते हुए, कभी फिक्र करते हुए और हर बार उतना ही प्यार करते हुए। आपका चेहरा कैसे भूल सकता हूं, मां? मेरी पूरी दुनिया तो आपके आंचल में है।"