अनुपम खेर की मां ने खरीदी शर्ट, बेटे के लिए प्यार भरे पल का वीडियो हुआ वायरल!
अनुपम खेर और मां का खास रिश्ता
मुंबई, 17 नवंबर। अभिनेता अनुपम खेर को उनकी फिल्मों और अदाकारी के लिए जाना जाता है, लेकिन सोशल मीडिया पर वह अक्सर अपनी मां दुलारी खेर के साथ साझा किए गए खास लम्हों के लिए भी चर्चा में रहते हैं। यह मां-बेटे का रिश्ता एक बार फिर से सुर्खियों में है।
दरअसल, जब भी अनुपम विदेश से लौटते हैं, उनकी मां उनके लिए कुछ खास खरीदकर रखती हैं। इस बार भी ऐसा ही हुआ। दुलारी खेर ने अपने बेटे के लिए कई शर्ट और टी-शर्ट खरीदी थीं और उनका इंतजार कर रही थीं।
अनुपम ने इस प्यारे पल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें मां का प्यार और बेटे की शरारत दोनों ही नजर आ रहे हैं। वीडियो में अनुपम अपनी मां के सामने एक-एक करके शर्ट और टी-शर्ट पहनकर दिखाते हैं, जबकि उनकी मां उत्सुकता से देख रही हैं कि कपड़े उन पर कैसे लग रहे हैं। इस दौरान उनके भाई राजू भी कैमरे के पीछे इस पल को कैद कर रहे थे।
अनुपम ने अपने पोस्ट में बताया कि जब भी वह विदेश से लौटते हैं, उनकी मां उनके लिए कुछ न कुछ लेकर आती हैं। इस बार उन्होंने उनके लिए शर्ट खरीदी थीं।
उन्होंने लिखा, 'जब भी मैं विदेश से लौटता हूं, मेरी मां मेरे लिए कुछ न कुछ लेकर रखती हैं। इस बार उन्होंने मेरे लिए शर्ट खरीदी थीं। वह इन्हें प्यार से 'शरट' कहती हैं। उनके लिए ये कपड़े नहीं, बल्कि उनका प्यार और मेरे घर लौटने का इंतजार हैं। उनकी सबसे बड़ी इच्छा होती है कि मैं घर आते ही उन्हें पहनकर दिखाऊं। वह तुरंत कहती हैं- अभी पहनकर दिखाओ।'
अनुपम ने आगे बताया कि इस दौरान उनके भाई राजू कैमरा संभाल रहे थे और मां उनके सामने बैठकर इंतजार कर रही थीं। उन्होंने कहा, 'मां को खुश करने की बात हो तो मैं उन्हें कैसे मना कर सकता हूं। इसलिए मैंने उनकी खरीदी हुई टी-शर्ट और शर्ट पहनकर दिखाईं। उनके चेहरे की खुशी किसी भी महंगे तोहफे से ज्यादा कीमती है। सच कहूं तो दोनों कपड़े अच्छे लग रहे हैं। आखिर पसंद तो मेरी मां की है।'
अनुपम ने इस वीडियो में मां और भाई राजू के बीच हुई मजेदार बातचीत का भी जिक्र किया। उन्होंने मां को थोड़ा छेड़ते हुए पूछा कि इन कपड़ों के पैसे किसने दिए हैं?
उन्होंने लिखा, 'मैंने मां को थोड़ा छेड़ने के लिए पूछा कि इन कपड़ों के पैसे किसने दिए? राजू शायद खरीदारी करके कपड़े लाता है, लेकिन मां ने बिना एक पल रुके पूरे विश्वास के साथ कहा- मैंने दिए हैं, और कौन देगा? इसके बाद मां और राजू के बीच छोटी-सी नोकझोंक शुरू हो गई। यह तो हर घर की कहानी है।'