×

अनुपम खेर का बच्चों के साथ दिल छू लेने वाला पल, सोशल मीडिया पर छाया जादू!

अनुपम खेर ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें वह कुछ बच्चों के साथ समय बिताते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में बच्चे खुशी से रंगीन पेंसिल के डिब्बे पकड़े हुए हैं। अनुपम खेर की मासूमियत और बच्चों के प्रति उनके प्यार ने फैंस का दिल जीत लिया है। जानें इस खास पल के बारे में और फैंस की प्रतिक्रियाएं।
 

अनुपम खेर का मासूम बच्चों के साथ खास वीडियो




मुंबई, 20 फरवरी। महानगर की तेज रफ्तार जिंदगी में कभी-कभी ऐसे अनमोल क्षण सामने आते हैं जो दिल को छू लेते हैं। हाल ही में, अभिनेता अनुपम खेर ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह कुछ बच्चों के साथ समय बिताते हुए नजर आ रहे हैं। उनके इस पोस्ट ने फैंस का दिल जीत लिया है।


अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर बच्चों के साथ एक वीडियो और तस्वीरें साझा की हैं। वीडियो में बच्चे खुशी से झूमते हुए रंगीन पेंसिल के डिब्बे पकड़े हुए हैं। ये बच्चे पहले वर्सोवा से मढ आईलैंड जाने वाली बोट पर अनुपम खेर से मिले थे, जहां उन्होंने उनसे रंगीन पेंसिल की इच्छा जताई थी।


उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, "मेरे नए छोटे दोस्तों से मिलिए। मुझे याद है कि मैं उनसे वर्सोवा-मढ आइलैंड जेट्टी पर मिला था, और उन्होंने मुझसे कलर पेंसिल बॉक्स मांगा था। मैंने अपनी कार रोकी और खुशी-खुशी उन्हें वह दिया जो वे चाहते थे। हम सब बहुत खुश थे।"


वीडियो में बच्चे अपना नाम और क्लास बताते हैं और कहते हैं कि वे अहमदाबाद से हैं। अनुपम खेर उनसे पहली मुलाकात के बारे में पूछते हैं, जिस पर बच्चे सही जवाब देते हैं कि वे बोट पर मिले थे और उन्होंने कलर पेंसिल मांगी थी।


इस वीडियो पर फैंस अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।


एक यूजर ने लिखा, ''इतने बड़े अभिनेता होकर भी अनुपम खेर का दिल आज भी बच्चों जैसा मासूम है।''


दूसरे यूजर ने कहा, ''ऐसे कलाकार ही समाज के लिए असली प्रेरणा होते हैं, जो इंसानियत को अपने नाम और पहचान से ऊपर रखते हैं।''


अन्य यूजर्स ने कमेंट में लिखा, ''काश हर कोई सड़क पर मिलने वाले बच्चों की इच्छाओं को इतनी अहमियत दे पाता। असली खुशी बड़े मंचों से नहीं, बल्कि इन बच्चों की मुस्कान से मिलती है।''