अक्षरा सिंह ने नवरात्रि पर मां के साथ मनाया कन्या पूजन, देखें भावुक वीडियो!
अक्षरा सिंह का नवरात्रि उत्सव
मुंबई, 20 अक्टूबर। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह ने इस नवरात्रि में विभिन्न धार्मिक स्थलों और आयोजनों में भाग लेकर मां दुर्गा की पूजा की। नवमी के दिन, उनकी मां ने उन्हें एक खास सरप्राइज देकर इस दिन को और भी यादगार बना दिया।
नवरात्रि के अंतिम दिन, घरों और मंदिरों में कन्या पूजन (कंजक) की परंपरा होती है, जिसमें माता के सम्मान में हवन भी किया जाता है। अक्षरा ने बताया कि इस अवसर पर उनकी मां ने उनका कन्या पूजन किया।
अक्षरा ने इंस्टाग्राम पर कन्या पूजन का एक वीडियो साझा किया, जिसमें उनकी मां उन्हें पूजा करती हुई दिखाई दे रही हैं। वीडियो में उनकी मां पहले उनके पैरों को साफ करती हैं, फिर आलता लगाती हैं, माथे पर टीका करती हैं, चूड़ियां पहनाती हैं और अंत में चुनरी ओढ़ाकर कन्या पूजन करती हैं।
अक्षरा ने अपने पोस्ट में बताया कि यह परंपरा उनकी मां हर साल निभाती हैं और इस बार भी वह उनके इंतजार में थीं। उन्होंने लिखा, "आज नवमी पर जब मैं मुंबई स्थित अपने घर पहुंची, तो मम्मी मेरी कन्या पूजन के लिए मेरा इंतजार कर रही थीं। हर साल की तरह इस बार भी यह रस्म नहीं छूटी और मुझे ऐसा सरप्राइज मिला कि मैं भावुक हो गई। मां के लिए हम हमेशा उनकी छोटी कन्या ही रहेंगे, चाहे हम कितने बड़े हो जाएं।"
इस वीडियो को फैंस द्वारा काफी सराहा जा रहा है, और सभी यूजर्स अक्षरा और उनकी मां के बीच के स्नेह की प्रशंसा कर रहे हैं।
अक्षरा ने नवरात्रि के इस पावन अवसर पर अपना नया देवी गीत 'दुर्गा मैया से सीख न धूल फूल चटावे के' भी अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी किया, जिसे दर्शकों ने बहुत पसंद किया। इसके अलावा, अक्षरा ने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और पटना में आयोजित विभिन्न नवरात्रि और डांडिया कार्यक्रमों में भी भाग लिया, जहां उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।