अंकिता लोखंडे ने अपनी नानी के 84वें जन्मदिन पर साझा की भावुक यादें
अंकिता की नानी का खास दिन
मुंबई, 2 जून। टेलीविजन की चर्चित अभिनेत्री अंकिता लोखंडे ने हाल ही में अपनी नानी के 84वें जन्मदिन का जश्न मनाते हुए सोशल मीडिया पर कुछ खूबसूरत क्षण साझा किए। उन्होंने बताया कि उनकी नानी, जो आंशिक पैरालिसिस से जूझ रही हैं, फिर भी पूरी तरह से आत्मनिर्भर हैं और किसी पर निर्भर नहीं हैं।
अंकिता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह पीले रंग की साड़ी पहने अपनी नानी का हाथ थामे हुए उन्हें समारोह स्थल तक ले जाती दिख रही हैं। इस वीडियो में परिवार के अन्य सदस्य भी नानी के चारों ओर मौजूद हैं।
इस खास अवसर पर अंकिता भावुक भी हुईं। उन्होंने लिखा, "आज मेरी आजी का 84वां जन्मदिन है। इसके साथ ही उन्होंने अपने जीवन में 1000 पूर्ण चंद्रमा देखने का अद्भुत पड़ाव भी पार किया है।"
अंकिता ने अपनी नानी को मां के समान मानते हुए कहा, "जब मैं केवल छह महीने की थी, तब से नानी ने मुझे अपनी गोद में पाला। इसलिए वह मेरे लिए सिर्फ नानी नहीं, बल्कि मां जैसी हैं। मैंने जीवन की कई महत्वपूर्ण सीखें उनसे ही ली हैं, जैसे भगवान पर विश्वास रखना, रिश्तों की कद्र करना, और पैसे की अहमियत समझना।"
अंकिता ने आगे कहा, "एक छोटे से घर में चार बेटियों की परवरिश करते हुए नानी ने इतना प्यार दिया कि उनके घर से कोई भी भूखा नहीं लौटा। आज भी उनका हौसला मुझे प्रेरित करता है।"
अंत में, उन्होंने लिखा, "मां आजी, मुझे इतना प्यार देने और मुझ पर विश्वास करने के लिए धन्यवाद। मैं प्रार्थना करती हूं कि आपको लंबी उम्र और ढेर सारी खुशियां मिले। हैप्पी बर्थडे मां आजी।"
--News Media
एनएस/एएस