अंकिता भार्गव ने साझा किया चिंताजनक स्कैम का अनुभव, बुजुर्गों को दी चेतावनी
अंकिता भार्गव का स्कैम का अनुभव
मुंबई, 15 मई। अभिनेत्री अंकिता भार्गव ने हाल ही में अपने माता-पिता के साथ हुई एक चिंताजनक धोखाधड़ी की कोशिश के बारे में सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की है। उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्गों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
अंकिता ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में बताया कि जब वह कल अपने माता-पिता के घर पहुंची, तो वहां दो अजनबी लोग डाइनिंग टेबल पर बैठे थे। उन्होंने खुद को गुजरात क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और कहा कि वे उनके पुराने पड़ोसी की जांच कर रहे हैं। उन्होंने अंकिता के पिता से एक छोटा सा बयान लेने की बात की।
अंकिता ने लिखा, "शुरुआत में सब कुछ सामान्य लग रहा था। वे शांत और आत्मविश्वास से भरे हुए थे। जब मैंने उनके आईडी कार्ड मांगे, तो उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के दिखा दिए और यहां तक कहा कि आप इनकी फोटो भी ले सकती हैं।"
अभिनेत्री ने आगे बताया कि दोनों व्यक्ति एक हाथ से लिखे हुए गुजराती कागज पर अंकिता के पिता के हस्ताक्षर करवाने की कोशिश कर रहे थे, जबकि उनके पिता गुजराती नहीं पढ़ पाते थे। जब अंकिता ने इस पर सवाल उठाया, तो एक व्यक्ति ने सहजता से कहा कि वह खुद अनुवाद करके समझा देंगे। अंकिता ने अपनी बुद्धिमत्ता का इस्तेमाल करते हुए मना कर दिया। उन्होंने कहा, "मैंने उनसे पूछा कि आधिकारिक बयान हाथ से क्यों लिखा गया है? इसे गुजराती में क्यों दिया गया है जबकि मेरे पिता इसे नहीं पढ़ सकते?"
अंकिता ने बताया कि उनके पिता ने कहा कि अगर वह समय पर नहीं पहुंची होतीं, तो शायद वे उस कागज पर हस्ताक्षर कर देते, क्योंकि वे लोग बहुत भरोसेमंद लग रहे थे। इस बात ने अंकिता को झकझोर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि "बुजुर्गों को आसानी से बहकाया जा सकता है। वर्दी, आईडी कार्ड और आधिकारिक भाषा का दबाव बनाकर उन्हें हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया जाता है।"
उन्होंने सलाह दी कि कभी भी हाथ से लिखे कागज पर आंख बंद करके हस्ताक्षर न करें और जिस भाषा को आप नहीं समझते, उस पर हस्ताक्षर न करें। हमेशा टाइप किए हुए और साफ कागज की मांग करें। सोसाइटी मैनेजमेंट या स्थानीय पुलिस से जांच करवाएं और ऐसे मामलों में परिवार के अन्य सदस्यों को भी शामिल करें।
अंकिता ने कहा कि हो सकता है वे असली अधिकारी रहे हों, लेकिन उनका तरीका लापरवाह था। फिर भी सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।