हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र को याद करते हुए साझा की पुरानी तस्वीरें, भावुक कर देने वाला संदेश
धर्मेंद्र की यादों में खोईं हेमा मालिनी
मुंबई, 24 नवंबर। दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन को एक साल हो चुका है, लेकिन उनकी यादें आज भी उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी के दिल में जीवित हैं। दोनों ने एक-दूसरे के साथ कई खूबसूरत लम्हे बिताए। हाल ही में, हेमा ने धर्मेंद्र के साथ अपनी कुछ पुरानी तस्वीरें साझा कीं और उन्हें अपना मित्र, मार्गदर्शक और जीवन का सबसे बड़ा सहारा बताया।
हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ''एक पूरा साल तेजी से बीत गया, लेकिन मेरा दुख आज भी उतना ही गहरा है। मैंने एक ऐसे इंसान को खोया है, जिसकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकती। वह सिर्फ मेरे पति नहीं थे, बल्कि मेरे लिए सब कुछ थे। वह मेरे दोस्त, मेरे मार्गदर्शक और मेरे हमसफर थे। वह मेरी ताकत थे और सच कहूं तो मेरा पूरा अस्तित्व उन्हीं से जुड़ा था। उनके बिना जिंदगी बेहद खाली लगती है। उनका शानदार व्यक्तित्व, उनके भीतर बसी अच्छाई और हर मिलने वाले के प्रति उनका प्यार उन्हें बेहद खास इंसान बनाता था। इतनी बड़ी सफलता हासिल करने के बावजूद वह हमेशा जमीन से जुड़े रहे और अपनी जड़ों को कभी नहीं भूले।''
उन्होंने आगे कहा, ''भगवद्गीता हमें सिखाती है कि आत्मा अमर है और उसका पुनर्जन्म होता है। मैं इस बात को जानती हूं, लेकिन इस जीवन में रहते हुए उनकी प्यार भरी मौजूदगी को याद किए बिना नहीं रह सकती। मैं उन लाखों फैंस का दिल से शुक्रिया अदा करती हूं, जिन्होंने इस उदार और प्यारे इंसान को याद किया और धर्म जी के लिए इतने प्यार भरे संदेश भेजे। आप सभी का एक बार फिर बहुत-बहुत धन्यवाद।''
धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर 2025 को मुंबई में हुआ था। उनकी उम्र 89 वर्ष थी। उन्हें सांस लेने में परेशानी थी, जिसके चलते उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कई दिनों तक उनका इलाज चला। इस दौरान उनकी सेहत को लेकर लगातार खबरें आती रहीं।
11 नवंबर को सोशल मीडिया पर उनके निधन की झूठी खबरें भी फैल गई थीं। इस पर हेमा मालिनी और उनकी बेटी ईशा देओल ने बताया था कि धर्मेंद्र का इलाज चल रहा है और वह ठीक हो रहे हैं। इसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई और परिवार ने आगे का इलाज घर पर ही जारी रखने का फैसला किया।
24 नवंबर को धर्मेंद्र ने अपने मुंबई स्थित घर पर अंतिम सांस ली। उनके अंतिम संस्कार में परिवार के सदस्यों के अलावा फिल्म इंडस्ट्री की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं। अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान और संजय दत्त समेत कई सितारे उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे थे।
--
पीके/एबीएम