सोहा अली खान ने वर्सोवा-दहिसर कोस्टल रोड प्रोजेक्ट पर उठाए सवाल, पर्यावरण की सुरक्षा की मांग
सोहा अली खान की चिंता: पेड़ों की कटाई और पर्यावरण
मुंबई, 24 नवंबर। अभिनेत्री सोहा अली खान ने वर्सोवा-दहिसर कोस्टल रोड प्रोजेक्ट के तहत बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि विकास आवश्यक है, लेकिन इसे पर्यावरण को नुकसान पहुंचाकर नहीं किया जाना चाहिए।
सोहा ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने नाना-नानी पार्क से जुड़ी अपनी पुरानी यादों को साझा करते हुए पेड़ों की कटाई और इसके पर्यावरण पर प्रभाव के बारे में चर्चा की।
उन्होंने कहा, ''करीब 25 साल पहले नाना-नानी पार्क केवल कचरे का ढेर था। स्थानीय लोगों ने मिलकर इसे साफ किया, पेड़ लगाए और उनकी देखभाल की। अब यह पार्क हरा-भरा हो गया है, लेकिन बीएमसी ने पिछले हफ्ते अचानक यहां पेड़ों की कटाई शुरू कर दी। इसका कारण नए वर्सोवा-दहिसर कोस्टल रोड प्रोजेक्ट के लिए इंटरचेंज बनाना है।''
सोहा ने मुंबई में ट्रैफिक की समस्या पर भी बात की, ''शहर को सड़कों की आवश्यकता है और ट्रैफिक की समस्या वास्तविक है। वर्सोवा-मड ब्रिज प्रोजेक्ट से यात्रा की दूरी 22 किलोमीटर से घटकर केवल 1.5 किलोमीटर रह जाएगी। हाईकोर्ट ने भी इसे जनहित में आवश्यक बताया था और बीएमसी को 1,237 मैंग्रोव हटाने की अनुमति दी थी।''
उन्होंने आगे कहा, ''पेड़ों की कटाई का तर्क दिया जा सकता है कि इससे समय की बचत होगी, ईंधन की खपत कम होगी और यात्रा आसान होगी, लेकिन नाना-नानी पार्क में 184 पेड़ों को काटने और 164 पेड़ों को हटाने की योजना है। इस पार्क के कुल 348 पेड़ों पर असर पड़ेगा, जिसे स्थानीय लोगों ने अपनी मेहनत से तैयार किया था।''
सोहा ने स्थानीय निवासियों के विरोध का जिक्र करते हुए कहा, ''बीएमसी का कहना है कि जिस जमीन पर पार्क है, वह पहले से सड़क निर्माण के लिए आरक्षित थी। पिछले 25 साल में इसका उपयोग नहीं किया गया।''
उन्होंने पेड़ों को दूसरी जगह लगाने की योजना पर सवाल उठाते हुए कहा, ''पिछले बड़े अदालती ऑडिट में पाया गया था कि दूसरी जगह लगाए गए आधे से ज्यादा पेड़ या तो मर चुके थे या उनकी हालत खराब थी। इसलिए, पेड़ों को दूसरी जगह लगाने का विकल्प पर्यावरण की सुरक्षा की गारंटी नहीं देता। मैंग्रोव समुद्र की लहरों को कम करने और तूफान के दौरान तटीय क्षेत्रों की रक्षा में मदद करते हैं।''
अंत में, सोहा ने कहा, ''मैं सड़क निर्माण या विकास के खिलाफ नहीं हूं, लेकिन विकास के नाम पर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है।''