सोनम बाजवा ने 'एक दीवाने की दीवानियत' के एक साल पूरे होने पर किया खास जश्न!
फिल्म की पहली सालगिरह पर सोनम का आभार
मुंबई, 21 अक्टूबर। निर्देशक मिलाप जावेरी की रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'एक दीवाने की दीवानियत' ने अपनी रिलीज के एक साल पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर, फिल्म की मुख्य अभिनेत्री सोनम बाजवा ने दर्शकों का धन्यवाद किया।
सोनम ने अपने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिसमें वह निर्देशक मिलाप जावेरी और अभिनेता हर्षवर्धन राणे के साथ फिल्म की पूरी टीम के साथ नजर आ रही हैं। उन्होंने बताया कि यह फिल्म उनके लिए सबसे चुनौतीपूर्ण अनुभवों में से एक थी। उन्होंने लिखा, "'एक दीवाने की दीवानियत' को एक साल हो गए हैं। यह मेरे लिए सबसे चुनौतीपूर्ण लेकिन मजेदार फिल्म थी। इसे अपनाने और सफलता दिलाने के लिए आप सभी का धन्यवाद।"
फिल्म 'एक दीवाने की दीवानियत' एक रोमांटिक ड्रामा है, जिसमें हर्षवर्धन राणे और सोनम बाजवा की जोड़ी पहली बार बड़े पर्दे पर दिखाई दी थी। यह कहानी एक शक्तिशाली राजनेता के बेटे और एक प्रसिद्ध अदाकारा के बीच के एकतरफा और जुनूनी प्यार की है।
विक्रमादित्य भोसले (हर्षवर्धन राणे) एक अमीर और दबंग राजनेता का बेटा है, जिसे हर चीज पाने की आदत है। वह पहली नजर में अदाकारा अदा (सोनम बाजवा) से प्यार कर बैठता है और उससे शादी करने की चाह रखता है। जब अदा उसके इस एकतरफा प्यार को ठुकरा देती है, तो कहानी खतरनाक जुनून और संघर्ष में बदल जाती है।
फिल्म ने रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की थी। मिलाप जावेरी द्वारा निर्देशित इस फिल्म के सह-निर्माता राघव शर्मा हैं। इसकी कहानी मुश्ताक शेख और मिलाप जावेरी ने मिलकर लिखी थी। फिल्म के गाने भी दर्शकों को बेहद पसंद आए थे, जिन्हें अंशुल गर्ग के बैनर देसी म्यूजिक फैक्टरी के तहत बनाया गया था।