☰
×

सुशांत सिंह राजपूत की बहन ने किया चौंकाने वाला खुलासा, पोस्टमार्टम में सामने आईं गंभीर बातें

दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने अपने भाई के पोस्टमार्टम को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि सुशांत के साथ बर्बरता की गई थी और उनके शरीर पर गंभीर चोटें थीं। श्वेता ने इस मामले में लोगों से अपील की है कि वे नकारात्मकता से दूर रहें और प्यार और अच्छाई के लिए खड़े रहें। जानें इस चौंकाने वाले खुलासे के बारे में और क्या कहा उन्होंने।
 

श्वेता सिंह कीर्ति का बड़ा दावा


मुंबई, 28 सितंबर (वेब वार्ता)। दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की बहन, श्वेता सिंह कीर्ति, ने अपने भाई के पोस्टमार्टम के संबंध में एक चौंकाने वाला बयान दिया है। श्वेता का कहना है कि हाल ही में उन्हें उस व्यक्ति से बातचीत करने का मौका मिला जिसने सुशांत का पोस्टमार्टम किया था। उन्होंने बताया कि इस घटना में बंदूक का इस्तेमाल किया गया था और सुशांत के साथ अत्यधिक बर्बरता की गई थी, जिसके चलते उनका पैर भी टूटा हुआ था।


सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में श्वेता ने कहा, “हमें हाल ही में पता चला कि जिस व्यक्ति ने भाई का पोस्टमॉर्टम किया, उसने कहा कि बंदूक का इस्तेमाल हुआ था, उनका पैर टूटा हुआ था और उन पर बहुत अधिक बल प्रयोग किया गया था। उनकी आंखों पर भी चोट लगी थी।”


अटलांटा से लौटने के बाद, श्वेता ने उन लोगों की भावनाओं के बारे में बात की जो उनसे मिले थे। उन्होंने कहा, “आप में से सैकड़ों लोग आए, मुझे गले लगाया और रोए – भाई के लिए रोए। आप सभी को लगा कि भाई के साथ जो हुआ, वह गलत था।”


उन्होंने यह भी बताया कि जब किसी प्रियजन के साथ कुछ बुरा होता है, तो कैसा महसूस होता है। श्वेता ने कहा, “मैं जानती हूं कि जब किसी अपने के साथ ऐसी कोई घटना होने के बारे में सोचा जाए तो कैसा महसूस होता है। जब यह आपके साथ होता है, तो आप शायद माफ कर सकते हैं।”


उन्होंने आगे कहा, “लेकिन अगर यह आपके किसी ऐसे व्यक्ति के साथ हो जिसे आप प्यार करते हैं, तो माफ करने के लिए बहुत ज्यादा हिम्मत जुटानी पड़ती है। लेकिन देखिए, मैं नफरत, बदले की भावना या नाराजगी में नहीं डूबना चाहती। मुझे लगता है कि मेरी जिंदगी का मकसद प्यार, विश्वास, अच्छाई और ईश्वर के लिए खड़ा होना है।”


श्वेता ने लोगों से अपील की कि वे ईश्वर या अच्छाई पर विश्वास न खोएं। उन्होंने कहा, “और मैं नहीं चाहती कि आप लोग ईश्वर या अच्छाई से भरोसा खोएं। दुनिया में नाइंसाफी है। ठीक है, मैं यह मानती हूँ। और हो सकता है कि अच्छे लोगों को बहुत दर्द से गुजरना पड़े। लेकिन दर्द ही बदलाव का जरिया है।”


उन्होंने अपने संदेश का समापन करते हुए कहा, “इसलिए अपने दिल को नकारात्मकता से न भरने दें। और प्यार से ही हीलिंग होती है। मैं प्यार के साथ खड़ी हूं। और मुझे उम्मीद है कि आप भी प्यार, ईश्वर और अच्छाई के लिए मेरे साथ खड़े होंगे।”


सुशांत का निधन 14 जून, 2020 को मुंबई में उनके घर पर कथित तौर पर आत्महत्या के कारण हुआ था।