सुनीता आहूजा ने गणेश चतुर्थी पर साझा की खास बातें, बेटे के साथ फिल्म में आएंगी नजर!
गणेश चतुर्थी पर सुनीता आहूजा का उत्सव
मुंबई, 15 सितंबर। अभिनेता गोविंदा की पत्नी, सुनीता आहूजा ने गणेश चतुर्थी के मौके पर अपने घर में गणपति महाराज का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि यह परंपरा गोविंदा की मां द्वारा शुरू की गई थी, जिसे वह आगे बढ़ा रही हैं। इसके साथ ही, सुनीता ने यह भी खुलासा किया कि वह अपने बेटे के साथ एक फिल्म में दिखाई देंगी।
सुनीता ने मीडिया से बातचीत में गणेश चतुर्थी मनाने का कारण बताया। उन्होंने कहा, "गणेश चतुर्थी का पर्व मनाना मेरी सास ने हमारे पुराने ऑफिस से शुरू किया था। तब से यह परंपरा चल रही है, और मैं चाहती हूं कि जब तक मैं जीवित हूं, तब तक गजानन को अपने घर लाती रहूं। यह परंपरा आगे भी चलती रहेगी क्योंकि गणेश भगवान हमारे पहले देवता हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि पिछले एक साल में बप्पा ने उन पर बहुत कृपा की है। सुनीता ने कहा, "पिछले साल मैंने यूट्यूब चैनल शुरू किया था और इस बार मैंने दो शो किए हैं, जिनमें 'मां है ना' और 'लॉकअप-2' शामिल हैं। सबसे खुशी की बात यह है कि मैंने अपने बेटे के साथ एक फिल्म की है, जिसका निर्देशन साजिद खान कर रहे हैं और एकता कपूर प्रोड्यूसर हैं। बप्पा ने मुझे नाम, इज्जत और शोहरत दी है। यह पर्व मेरे लिए बहुत खास है, क्योंकि मैंने बप्पा को नाचते गाते हुए अपने घर में लाया है।"
सुनीता ने बताया कि वह गणपति को डेढ़ दिन के लिए अपने घर में रखती हैं। उन्होंने कहा, "गजानन हमारे घर पर डेढ़ दिन के लिए आते हैं। इस दौरान हम अपने सभी करीबी दोस्तों को आमंत्रित करते हैं, नाच-गाना होता है और खाना भी सात्विक बनता है। बप्पा को मोदक और उनके पसंदीदा भोग चढ़ाए जाते हैं। अब जब गजानन आए हैं, तो हमें नाचते गाते रहना चाहिए। गणपति भगवान विघ्नहर्ता हैं, मैं चाहती हूं कि वे मेरे जीवन के सभी विघ्नों को दूर करें और मेरे परिवार में खुशहाली बनी रहे।"
उन्होंने मीडिया से कहा कि वह अपने बेटे की आने वाली फिल्म का प्रमोशन जरूर करेंगी। उन्होंने कहा, "जैसे आपने हमेशा गोविंदा और हमें प्यार दिया, मैं चाहती हूं कि आप मेरे बेटे को भी वैसा ही प्यार और समर्थन दें।"