×

सुधा चंद्रन ने धर्मेंद्र को याद करते हुए भावुक श्रद्धांजलि दी

सुधा चंद्रन ने हाल ही में दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को याद करते हुए एक भावुक श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर फिल्म 'तहलका' के गाने का वीडियो साझा किया और अपने अनुभवों को साझा किया। जानें धर्मेंद्र के साथ उनके रिश्ते और फिल्म 'तहलका' के बारे में।
 

धर्मेंद्र की याद में सुधा चंद्रन का भावुक संदेश




मुंबई, 1 दिसंबर। प्रसिद्ध अभिनेता धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं रहे। इस मौके पर अभिनेत्री सुधा चंद्रन ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक पुरानी फिल्म का एक क्लिप साझा कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।


सुधा ने इंस्टाग्राम पर फिल्म 'तहलका' के गाने 'जो बीत गया है, वो अब दौर न आएगा' का वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, "धरम जी को गए हुए 8 दिन हो गए हैं, लेकिन दिल मानता ही नहीं। मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं कि मैं उस समय की अभिनेत्री हूं जब धरम जी जैसे सितारे इंडस्ट्री में थे। वे भारत के सबसे हैंडसम ही-मैन थे और हमेशा रहेंगे।"


उन्होंने आगे कहा, "मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि मुझे धरम जी के साथ स्क्रीन साझा करने का अवसर मिला। सर, आपको ढेर सारा प्यार... इस सच को स्वीकार करना बहुत कठिन हो रहा है। मैंने कोशिश की, लेकिन हो नहीं पा रहा।"


फिल्म 'तहलका' 1992 की एक्शन-एडवेंचर बॉलीवुड ड्रामा है, जिसका निर्देशन अनिल शर्मा ने किया था। इस फिल्म में धर्मेंद्र के साथ नसीरुद्दीन शाह, अमरीश पुरी, शम्मी कपूर, मुकेश खन्ना और पल्लवी जोशी जैसे कई दिग्गज कलाकार शामिल थे। फिल्म का संगीत अनु मलिक ने तैयार किया था।


इस फिल्म की शूटिंग हिमाचल प्रदेश के कुल्लू-मनाली में की गई थी और इसे रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर अच्छी सफलता मिली थी।


कहानी एक काल्पनिक देश के जनरल डोंग (अमरीश पुरी) की घुसपैठ और उसे रोकने के लिए मेजर कृष्णा राव (धर्मेंद्र) और उनकी टीम के साहसिक कार्यों पर आधारित है।


सुधा चंद्रन ने 'नागिन,' 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी,' 'कस्तूरी' और 'कहीं किसी रोज' जैसे धारावाहिकों में अपने किरदार से दर्शकों के दिलों में जगह बनाई है। वह एक उत्कृष्ट डांसर भी हैं और उन्होंने 3 साल की उम्र से डांस सीखना शुरू किया।