सिनेमा के जरिए संवेदनशीलता को बढ़ावा देने वाले सितारों को मिलेगा सिने काइंड अवॉर्ड्स-2026
सिने काइंड अवॉर्ड्स-2026 का आयोजन
मुंबई, 11 सितंबर (वेब वार्ता)। सिनेमा के माध्यम से सामाजिक मुद्दों और संवेदनशीलता को बढ़ावा देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने के लिए सिने काइंड अवॉर्ड्स-2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह पहल फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया और पीपल फॉर एनिमल्स के सहयोग से संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य काइंडनेस, संवेदनशीलता और पशु कल्याण के लिए कार्यरत लोगों और संगठनों को पहचान देना है। इस वर्ष सम्मानित होने वाले प्रमुख नामों में अनंत अंबानी, जॉन अब्राहम, रवीना टंडन, वामिका गब्बी, कल्याण वर्मा, अमित राय और राजन शाही शामिल हैं। इसके साथ ही रितेश देशमुख और जेनेलिया देशमुख को भी इस सम्मान से नवाजा जाएगा।
सिने काइंड अवॉर्ड्स के माध्यम से फिल्म निर्माताओं, कलाकारों, पत्रकारों, और सामाजिक बदलाव के लिए काम करने वाले व्यक्तियों को मान्यता दी जाएगी। आयोजकों का मानना है कि सिनेमा केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक परिवर्तन और संवेदनशीलता को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है। इस पहल के तहत पशु कल्याण और सामाजिक बदलाव के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहे संगठनों और व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया भारतीय फिल्म उद्योग के विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व करती है, जबकि पीपल फॉर एनिमल्स पशु संरक्षण, पुनर्वास, जागरूकता और अधिकारों के लिए काम करती है। दोनों संस्थाओं का लक्ष्य सिनेमा, संस्कृति और सामाजिक जिम्मेदारी के बीच एक मजबूत संबंध स्थापित करना है। सिने काइंड की ज्यूरी में सोनू सूद, हेमा मालिनी, जीनत अमान, सोनाक्षी सिन्हा और श्रिया सरन जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य उन व्यक्तियों को उजागर करना है जो अपने कार्यों और प्रभाव के माध्यम से समाज को अधिक संवेदनशील बनाने में योगदान दे रहे हैं।