×

सिद्धांत चतुर्वेदी की नई फिल्म 'वी. शांताराम' का फर्स्ट लुक हुआ जारी, जानें क्या है खास!

अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी की नई फिल्म 'वी. शांताराम' का फर्स्ट लुक हाल ही में जारी किया गया है। इस फिल्म में उनका लुक पारंपरिक भारतीय पहनावे में है, जो उस समय की गरिमा को दर्शाता है। फिल्म के निर्माता इसे भारतीय सिनेमा को नई दिशा देने वाला मानते हैं। जानें इस फिल्म के बारे में और सिद्धांत की अन्य हालिया परियोजनाओं के बारे में।
 

सिद्धांत चतुर्वेदी का नया लुक




मुंबई, 1 दिसंबर। अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी के लिए यह समय बेहद उत्साहजनक है। वे जल्द ही मृणाल ठाकुर के साथ फिल्म 'दो दीवाने शहर में' में दिखाई देंगे और अब उनकी नई फिल्म 'वी. शांताराम' का फर्स्ट लुक भी सामने आया है। सोमवार को फिल्म के निर्माताओं ने इस लुक को सोशल मीडिया पर साझा किया।


निर्माताओं ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "भारतीय सिनेमा को नई दिशा देने वाला बागी फिर से बड़े पर्दे पर लौट आया है।"


सिद्धांत चतुर्वेदी इस फिल्म में वी. शांताराम के लुक में नजर आ रहे हैं। उन्होंने सफेद कुर्ता और धोती पहनी है, साथ ही पारंपरिक टोपी और सदरी भी पहन रखी है। यह लुक उस समय की सादगी और गरिमा को दर्शाता है, जब शांताराम ने भारतीय सिनेमा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।


वी. शांताराम भारतीय सिनेमा के उन निर्देशकों में से एक हैं, जिन्होंने न केवल फिल्म निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया, बल्कि सामाजिक मुद्दों को भी सिनेमा के माध्यम से उजागर किया। उन्हें फिल्मफेयर, एक गोल्डन ग्लोब, एक राष्ट्रीय पुरस्कार और बर्लिन अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में दो पुरस्कार मिले हैं।


कोल्हापुर के निवासी शांताराम ने अपने करियर में कई बेहतरीन फिल्में बनाई हैं, जैसे 'डॉ. कोटनीस की अमर कहानी' (1946), 'झनक झनक पायल बाजे' (1955), और 'दो आंखें बारह हाथ' (1957), जो आज भी कल्ट क्लासिक मानी जाती हैं।


हाल ही में, सिद्धांत चतुर्वेदी की फिल्म 'धड़क-2' रिलीज हुई थी, जिसका निर्देशन शाजिया इकबाल ने किया था। करण जौहर द्वारा निर्मित यह फिल्म 1 अगस्त को सिनेमाघरों में आई थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा सफल नहीं हो पाई, जिसके चलते इसे ओटीटी पर भी स्ट्रीम किया गया।