×

साउथ सिनेमा की स्टार साई पल्लवी की अनकही कहानी: कैसे बनीं वो एक रात में सुपरस्टार?

साई पल्लवी, साउथ सिनेमा की एक प्रमुख अभिनेत्री, ने अपनी अद्वितीय अभिनय क्षमता और नृत्य कौशल से लाखों दिलों को जीता है। उनका सफर एक साधारण लड़की से सुपरस्टार बनने तक का है, जिसमें एक फिल्म निर्देशक को स्टॉकर समझने की कहानी भी शामिल है। जानें कैसे उन्होंने अपने सिद्धांतों के लिए खड़े होकर करोड़ों रुपए के विज्ञापन को ठुकराया और अब वह 'रामायण: पार्ट 1' में माता सीता का किरदार निभाने जा रही हैं।
 

साई पल्लवी का सफर


मुंबई, 8 मई। साउथ सिनेमा की सबसे प्रिय अभिनेत्रियों में से एक साई पल्लवी अब किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। अपनी स्वाभाविक अभिनय क्षमता, अद्भुत नृत्य कौशल और बिना मेकअप के लुक से उन्होंने लाखों दिलों को जीत लिया है। उनके हर फिल्मी किरदार में एक अलग छवि देखने को मिलती है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि एक समय ऐसा भी था जब उन्होंने एक प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक को स्टॉकर समझ लिया था। उन्हें लगा कि कोई अजनबी लगातार उनका पीछा कर रहा है। बाद में वही व्यक्ति उनकी जिंदगी में एक महत्वपूर्ण मोड़ लाया और साई पल्लवी रातोंरात स्टार बन गईं।


साई पल्लवी का जन्म 9 मई 1992 को तमिलनाडु के कोटागिरी में हुआ। उनका पूरा नाम साई पल्लवी सेंथामरई कन्नन है। उनके पिता सरकारी नौकरी में थे और मां डांस में रुचि रखती थीं। बचपन से ही साई पढ़ाई में अव्‍वल थीं और डॉक्टर बनने का सपना देखती थीं, जिसके लिए उन्होंने जॉर्जिया की एक यूनिवर्सिटी से मेडिकल की पढ़ाई की।


हालांकि, पढ़ाई के साथ-साथ साई को डांस का भी बहुत शौक था। उन्होंने कभी प्रोफेशनल डांस की ट्रेनिंग नहीं ली, लेकिन माधुरी दीक्षित और ऐश्वर्या राय के डांस देखकर खुद से सीखा। उन्होंने कई डांस रियलिटी शो में भी भाग लिया। फिल्मों में आने से पहले उन्होंने छोटे-मोटे रोल और जूनियर आर्टिस्ट के तौर पर भी काम किया, लेकिन तब उन्हें कोई खास पहचान नहीं मिली।


साई पल्लवी की जिंदगी में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब मशहूर निर्देशक अल्फोंस पुथरेन ने उन्हें फेसबुक पर एक डांस क्लिप में देखा। वह साई को अपनी फिल्म 'प्रेमम' में लेना चाहते थे। शुरुआत में साई ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया क्योंकि उनका ध्यान मेडिकल की पढ़ाई पर था, लेकिन कुछ साल बाद निर्देशक ने फिर से उनसे संपर्क किया।


बार-बार फोन आने पर साई को लगा कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनका पीछा कर रहा है। वह पुलिस में शिकायत करने का भी सोच चुकी थीं। जब उन्हें पता चला कि फोन करने वाला कोई स्टॉकर नहीं, बल्कि एक फिल्म निर्माता है, तो उन्होंने राहत की सांस ली और उनसे माफी भी मांगी।


इसके बाद साई पल्लवी ने 'प्रेमम' में मलार का किरदार निभाया। यह फिल्म रिलीज होते ही सुपरहिट हो गई और साई पल्लवी रातोंरात स्टार बन गईं। उनकी सादगी और स्वाभाविक अभिनय ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट फीमेल डेब्यू एक्ट्रेस का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला।


इसके बाद उन्होंने 'फिदा', 'मारी 2', 'लव स्टोरी', 'श्याम सिंह रॉय' और 'गार्गी' जैसी कई सफल फिल्में कीं।


साई पल्लवी केवल अपनी फिल्मों के लिए ही नहीं, बल्कि अपने सिद्धांतों के लिए भी जानी जाती हैं। उन्होंने करोड़ों रुपए के फेयरनेस क्रीम विज्ञापन को ठुकरा दिया था, क्योंकि वह नहीं चाहती थीं कि लोग त्वचा के रंग को लेकर गलत संदेश लें।


आज साई पल्लवी साउथ सिनेमा की सबसे सम्मानित अभिनेत्रियों में से एक मानी जाती हैं। उन्होंने कई फिल्मफेयर अवॉर्ड और साउथ इंडियन इंटरनेशनल मूवी अवार्ड्स अपने नाम किए हैं। वह जल्द ही 'रामायण: पार्ट 1' में माता सीता का किरदार निभाने वाली हैं।