सलमान खान ने ‘काला हिरण’ फिल्म पर उठाया विवाद, दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई
दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई का मामला
नई दिल्ली, 12 जून। अभिनेता सलमान खान ने अपनी फिल्म ‘काला हिरण : द बैटल फॉर लेगेसी’ की रिलीज पर रोक लगाने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिस पर शुक्रवार को सुनवाई हुई। इस मामले की सुनवाई जस्टिस नीना बंसल कृष्णा की एकल पीठ ने की। अदालत ने फिल्म के निर्माता अमित जानी और अन्य संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अगली सुनवाई 19 जून को होगी।
सुनवाई के दौरान सलमान खान की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता निजाम पाशा ने अदालत को बताया कि अभिनेता के पर्सनैलिटी राइट्स पहले से ही हाईकोर्ट द्वारा संरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि इन अधिकारों में सलमान खान की छवि, पहचान, उनके जैसे दिखने वाले स्वरूप और उनसे जुड़ी अन्य व्यक्तिगत विशेषताएं शामिल हैं।
सलमान खान के वकील ने अदालत में यह भी कहा कि 29 मई को फिल्म का एक पोस्टर जारी किया गया था, जिसमें एक व्यक्ति को सलमान खान जैसा दिखाया गया है। उस व्यक्ति ने वही खास ब्रेसलेट भी पहना हुआ है, जिसे सलमान खान लंबे समय से पहनते आ रहे हैं। याचिकाकर्ता का आरोप है कि फिल्म के प्रचार में उनकी पहचान और छवि का इस्तेमाल बिना अनुमति किया जा रहा है।
अभिनेता के वकील ने अदालत को बताया कि साल 1998 के काला हिरण शिकार मामले से जुड़े चार मामलों में से तीन में सलमान खान को राहत मिल चुकी है, जबकि एक मामला अभी अपील के साथ लंबित है। उनका कहना है कि फिल्म और उससे जुड़े प्रचार वाले कंटेंट के कारण उनका नाम लगातार विवादों के साथ जोड़ा जा रहा है और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान सार्वजनिक रूप से दिए जा रहे हैं।
सलमान खान ने अपनी याचिका में फिल्म के निर्माता अमित जानी, जानी फायरफॉक्स फिल्म्स, निर्देशक भरत एस. श्रीनाते, अक्षय पांडेय और अन्य संबंधित लोगों को पक्षकार बनाया है। उन्होंने अदालत से अनुरोध किया है कि फिल्म के निर्माण, वितरण, प्रचार और रिलीज पर रोक लगाई जाए। याचिका में कहा गया है कि फिल्म का पोस्टर और अन्य प्रचार वाले कंटेंट उनके पर्सनैलिटी राइट्स का उल्लंघन करते हैं। अभिनेता का दावा है कि उनकी पहचान और सार्वजनिक छवि का उपयोग व्यावसायिक लाभ के लिए किया जा रहा है, जो कानूनी रूप से गलत है।
‘काला हिरण : द बैटल फॉर लेगेसी’ 1998 के चर्चित काला हिरण शिकार मामले और उससे जुड़े घटनाक्रमों पर आधारित बताई जा रही है। हाल ही में फिल्म का फर्स्ट लुक और ट्रेलर भी जारी किया गया है। सलमान खान की कानूनी टीम पहले ही फिल्म निर्माताओं को नोटिस भेज चुकी है और अब मामला दिल्ली हाईकोर्ट में विचाराधीन है। अदालत इस मामले में 19 जून को आगे की सुनवाई करेगी।