सलमान खान ने ठंडे पानी में शूटिंग कर दिखाई असली मेहनत, जानें फिल्म 'मातृभूमि' के बारे में
सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' की शूटिंग
मुंबई, 16 नवंबर। अभिनेता सलमान खान अपने एक्शन और प्रभावशाली किरदारों के लिए मशहूर हैं। वह अपने किरदारों को वास्तविकता के करीब लाने के लिए कठिन परिस्थितियों में भी शूटिंग करने से नहीं कतराते। हाल ही में, उनकी आगामी फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' की शूटिंग के दौरान कुछ ऐसा ही देखने को मिला।
फिल्म के निर्देशक अपूर्व लाखिया ने शूटिंग के दौरान एक दिलचस्प घटना साझा की। उन्होंने बताया कि एक महत्वपूर्ण सीन को मुंबई के स्टूडियो में फिल्माने की योजना थी, लेकिन सलमान के सुझाव पर पूरी टीम ने ठंडे पानी में असली लोकेशन पर शूटिंग करने का निर्णय लिया।
अपूर्व के अनुसार, इस सीन को पहले स्टूडियो में फिल्माने की तैयारी थी, जहां सेट तैयार करके मौसम और पानी को नियंत्रित किया जा सकता था। लेकिन सलमान के साथ चर्चा के बाद उन्हें लगा कि स्टूडियो में वह असली अनुभव नहीं मिल पाएगा, जो सीन के लिए आवश्यक था। इसलिए, टीम ने सितंबर के अंत में असली लोकेशन पर शूटिंग करने का निर्णय लिया।
निर्देशक ने कहा, ''शूटिंग के दौरान पानी का तापमान लगभग जीरो डिग्री था। सलमान और अन्य कलाकारों को लगातार छह घंटे तक ठंडे पानी में रहकर काम करना पड़ा। ठंड इतनी अधिक थी कि कलाकार कांप रहे थे। कैमरे में उनकी कंपकंपी असली थी, न कि एक्टिंग। शूटिंग के बीच में उन्हें गीले कपड़ों में खाना भी खाना पड़ा।''
अपूर्व ने आगे कहा, ''मुझे लगा था कि यह सीन एक दिन में पूरा हो जाएगा, लेकिन इसमें ढाई दिन लग गए। कलाकारों को उस ठंडे पानी में देखकर ही ठंड महसूस हो रही थी। फिल्म के एक सीन को वास्तविकता में लाने के लिए पूरी टीम को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।''
उन्होंने कहा, ''सलमान की यह मेहनत उनके फिल्म के प्रति समर्पण को दर्शाती है। मेरा मानना है कि उन्होंने स्टूडियो की सुविधाएं छोड़कर असली लोकेशन पर शूटिंग का निर्णय लिया, ताकि दर्शकों को हर सीन वास्तविक लगे।''
फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं और इसे सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले बनाया जा रहा है। फिल्म का भारत में वितरण जियो स्टूडियोज और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जी स्टूडियोज कर रहा है।
यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने वाली है।