सलमान खान ने 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की, कोर्ट ने सुनवाई टाली
दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई टली
नई दिल्ली, 19 जून। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सलमान खान ने फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' की रिलीज पर रोक लगाने के लिए जो याचिका दायर की थी, उसकी सुनवाई शुक्रवार को दिल्ली हाई कोर्ट में टाल दी गई। अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई की तारीख 1 जुलाई निर्धारित की है।
फिल्म के निर्माताओं ने अदालत में बताया कि उन्हें सलमान खान द्वारा दायर याचिका की पूरी कॉपी अभी तक प्राप्त नहीं हुई है, केवल एक आवेदन की प्रति ही मिली है। इस पर जस्टिस मधु जैन ने सलमान के वकील को निर्देश दिया कि वे सुनिश्चित करें कि दूसरी पार्टी को याचिका की पूरी कॉपी उपलब्ध कराई जाए।
पिछली सुनवाई में अदालत ने फिल्म के निर्माता अमित जानी और अन्य संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया था और उनसे जवाब मांगा था।
यह विवाद फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' से जुड़ा है, जो सलमान खान से जुड़े प्रसिद्ध ब्लैकबक शिकार मामले पर आधारित है। सलमान का आरोप है कि इस फिल्म में उनके नाम, छवि और व्यक्तित्व का बिना अनुमति उपयोग किया गया है, जो उनके पर्सनैलिटी राइट्स का उल्लंघन है।
याचिका में कहा गया है कि फिल्म के पोस्टर में ऐसे तत्व शामिल हैं, जो सीधे तौर पर सलमान खान की पहचान से मेल खाते हैं, जिसके कारण फिल्म की रिलीज, प्रमोशन और डिजिटल स्ट्रीमिंग पर रोक लगाई जाए।
सलमान खान ने यह याचिका प्रोड्यूसर अमित जानी, जानी फायरफॉक्स फिल्म्स, निर्देशक भरत श्रीनाटे, अक्षय पांडे और प्रोजेक्ट से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ दायर की थी।
'काला हिरण: बैटल फॉर लिगेसी' के पहले लुक और टीजर में सलमान खान से प्रेरित किरदार का नाम अयान खान रखा गया है। इस किरदार को अभिनेता काशिफ इकबाल खान निभा रहे हैं। दर्शकों को उनका लुक, चलने का अंदाज और हाव-भाव सलमान से काफी मिलता-जुलता नजर आया है। काशिफ इकबाल खान ने वही ब्रेसलेट पहना है, जो सलमान अक्सर पहनते हैं। इस पर सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।