सलमान खान के खिलाफ 'काला हिरण' विवाद में निर्माता अमित जानी का बड़ा बयान!
फिल्म 'काला हिरण' पर विवाद गहराता जा रहा है
मुंबई, 2 जून। फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' को लेकर चल रहा विवाद अब और बढ़ता जा रहा है। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सलमान खान ने फिल्म के निर्माताओं को कानूनी नोटिस भेजा है, जिसके बाद निर्माता अमित जानी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यदि सलमान खान इस मामले को अदालत में ले जाना चाहते हैं, तो वह उन्हें कोर्ट में ही जवाब देंगे।
अमित जानी ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी फिल्म न तो सलमान खान पर आधारित है और न ही गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पर, बल्कि यह बिश्नोई समुदाय के उन लोगों की कहानी है, जिन्होंने अपने अधिकारों और न्याय के लिए लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी।
उन्होंने कहा, "फिल्म का न तो कोई टीजर जारी हुआ है और न ही ट्रेलर। जब किसी ने फिल्म देखी ही नहीं है, तो उसके विषय पर आपत्ति कैसे की जा सकती है? अगर सलमान खान मुझसे सीधे बात करते और फिल्म की कहानी के बारे में पूछते, तो मैं उन्हें विस्तार से समझा देता।"
निर्माता ने आगे कहा, "मुझे लगता है कि सलमान खान बिना पूरी जानकारी के इस फिल्म का विरोध कर रहे हैं। फिल्म में किसी के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं की गई है। यदि किसी पोस्टर में एक व्यक्ति बंदूक लिए खड़ा है और सलमान खान का नाम कहीं नहीं है, तो यह मान लेना कि फिल्म उन्हीं के बारे में है, गलत है।"
अमित जानी ने कहा, "काला हिरण उन बिश्नोई समुदाय के लोगों की कहानी है, जिन्होंने न्याय के लिए संघर्ष किया। मेरी पिछली फिल्म 'उदयपुर फाइल्स' को लेकर भी कानूनी विवाद हुआ था। उस मामले में अदालत के निर्देश पर हमने याचिकाकर्ताओं को फिल्म रिलीज से पहले दिखाई थी। यदि अदालत इस मामले में भी ऐसा कोई निर्देश देती है, तो हम उसका पालन करेंगे।"
उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म बनाने का अधिकार सभी को है। कई ऐतिहासिक घटनाओं और व्यक्तित्वों पर फिल्में बनाई गई हैं, जैसे आरुषि तलवार हत्याकांड और महात्मा गांधी की हत्या। हमारी फिल्म भी इस विषय पर लिखी गई चार किताबों पर आधारित है।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब सलमान खान की कानूनी टीम ने फिल्म के निर्माताओं को नोटिस भेजा। नोटिस में कहा गया कि फिल्म कथित तौर पर 1998 के चर्चित ब्लैकबक शिकार मामले से प्रेरित है, जिससे अभिनेता की छवि को नुकसान पहुंच सकता है।
यह विवाद तब और बढ़ गया जब फिल्म का पोस्टर सामने आया, जिसमें एक व्यक्ति को बंदूक के साथ दिखाया गया था, जो कई लोगों को सलमान खान से मिलता-जुलता लगा। इसी कारण सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई कि फिल्म अप्रत्यक्ष रूप से सलमान खान और ब्लैकबक केस को केंद्र में रखकर बनाई जा रही है।