×

सनी देओल ने 'गदर' की 25वीं वर्षगांठ पर साझा की दिल छू लेने वाली बातें

सनी देओल ने अपनी सुपरहिट फिल्म 'गदर: एक प्रेम कथा' की 25वीं वर्षगांठ पर दर्शकों के साथ अपने गहरे संबंध के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि तारा सिंह का किरदार उनके लिए बेहद खास है और आज भी दर्शकों का प्यार उतना ही मजबूत है। अमीषा पटेल और निर्देशक अनिल शर्मा ने भी फिल्म की सफलता और इसके भावनात्मक प्रभाव पर अपने विचार साझा किए। जानें इस फिल्म की खासियत और दर्शकों के दिलों में इसकी जगह के बारे में।
 

सनी देओल का तारा सिंह के किरदार पर प्यार

मुंबई, 13 जून। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सनी देओल ने अपनी चर्चित फिल्म 'गदर: एक प्रेम कथा' की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर कहा कि उनके किरदार तारा सिंह ने दर्शकों के साथ एक ऐसा गहरा संबंध स्थापित किया है, जो समय के साथ और भी मजबूत होता गया है।

ज़ी स्टूडियोज द्वारा निर्मित इस फिल्म का विशेष प्रसारण 15 जून को ज़ी सिनेमा और ज़ी बॉलीवुड पर किया जाएगा। आमिर खान की 'लगान' के साथ प्रतिस्पर्धा के बावजूद, 'गदर: एक प्रेम कथा' हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक बनी रही है और आज भी दर्शकों के दिलों में एक खास स्थान रखती है।

सनी देओल ने बातचीत में कहा, "तारा सिंह ने मुझे दर्शकों के साथ एक ऐसा रिश्ता दिया है, जो समय के साथ और भी मजबूत हुआ है। 25 साल बाद भी 'गदर' के प्रति लोगों का प्यार उतना ही गहरा है। किसी अभिनेता के लिए इससे बड़ा सम्मान नहीं हो सकता। इस प्यार के लिए मैं पूरे भारत का आभार व्यक्त करता हूं। हिंदुस्तान जिंदाबाद था, है और रहेगा।"

फिल्म में सकीना का किरदार निभाने वाली अमीषा पटेल ने कहा कि यह भूमिका उनके करियर की सबसे यादगार उपलब्धियों में से एक है। उन्होंने कहा, "25 साल बाद भी दर्शकों को सकीना और इस कहानी का जश्न मनाते देखना बेहद भावुक कर देने वाला अनुभव है। 'गदर' हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगी।"

फिल्म के निर्देशक अनिल शर्मा ने कहा कि "'गदर' को पूरी आस्था, भावनाओं और कहानी कहने के विश्वास के साथ बनाया गया था। दर्शकों ने इसे सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि उससे कहीं बड़ा बना दिया। 25 साल बाद भी लोगों का यह प्यार हमें विनम्र बना देता है।"

भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म में प्रेम, त्याग, पारिवारिक मूल्यों और देशभक्ति का अनूठा संगम दिखाया गया था, जिसने हर पीढ़ी के दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। आज भी फिल्म के किरदार, संवाद और कई यादगार दृश्य लोगों की यादों में जीवंत हैं।

--News Media

डीएससी