संजय मिश्रा ने जगन्नाथ मंदिर में की पूजा, अमिताभ बच्चन को दी जन्मदिन की बधाई!
संजय मिश्रा का जगन्नाथ मंदिर दौरा
मुंबई, 11 अक्टूबर। अभिनेता संजय मिश्रा ने रविवार को ओडिशा के पुरी में स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर का दौरा किया, जहां उन्होंने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में दर्शन के बाद, उन्होंने मीडिया से अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि नवरात्रि का पहला दिन उनके लिए विशेष है। इस अवसर पर उन्होंने भगवान के चरणों में अपनी फिल्म का पोस्टर अर्पित किया।
संजय मिश्रा ने कहा, ''नवरात्रि के पहले दिन पूजा करना मेरे लिए बहुत खास रहा। भगवान जगन्नाथ से आशीर्वाद लेना मेरे लिए एक अनमोल अनुभव है। यहां आकर मुझे एक अद्भुत सुकून मिला है। मैंने उनसे अपने और अपने काम के लिए कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की है।''
उन्होंने अपनी आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि यदि उन्हें फिर से बुलाया गया, तो वह निश्चित रूप से इस मंदिर में दर्शन करने आएंगे।
इस दौरान, संजय मिश्रा ने बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन को उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा, ''आज अमिताभ बच्चन का जन्मदिन है और मैं उन्हें दिल से बधाई देना चाहता हूं। भगवान जगन्नाथ उन पर अपनी कृपा बनाए रखें।''
ज्ञात हो कि संजय मिश्रा हिंदी सिनेमा के उन कलाकारों में से हैं, जिन्होंने अपने अभिनय से एक अलग पहचान बनाई है। उन्हें फिल्म 'आंखों देखी' में राजे बाऊजी के किरदार के लिए जाना जाता है, जिसमें उनके अभिनय को बहुत सराहा गया। इसके अलावा, उन्होंने 'मसान', 'कड़वी हवा', 'वध' और 'कामयाब' जैसी फिल्मों में भी काम किया है। उन्होंने कॉमेडी फिल्मों में भी अपनी किस्मत आजमाई है, जैसे 'ऑफिस ऑफिस', 'गोलमाल: फन अनलिमिटेड', 'धमाल', 'फंस गए रे ओबामा', 'भूल भुलैया 2' और 'जॉली एलएलबी 2'।