संगीत की रानी आशा भोसले का निधन: बॉलीवुड में शोक की लहर
आशा भोसले का निधन
मुंबई, 12 अप्रैल। सुरों की मल्लिका, प्रख्यात गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उन्हें चेस्ट इंफेक्शन के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन आज रविवार को कार्डियक अरेस्ट और मल्टी ऑर्गन फेलियर के चलते उनका निधन हो गया।
उनके निधन के बाद से सोशल मीडिया पर बॉलीवुड के कई सितारे और संगीतकार शोक व्यक्त कर रहे हैं।
प्रसिद्ध अभिनेता अनुपम खेर ने आशा भोसले को याद करते हुए एक भावुक वीडियो साझा किया। उन्होंने कहा कि यह एक युग का अंत है, क्योंकि उन्होंने 70 वर्षों तक सिनेमा को अपने सुरों से सजाया। उन्होंने लिखा, "चंचल धुनों से लेकर भावपूर्ण गज़लों तक, उन्होंने हर सुर को अपने में समाहित किया। लेकिन उनके जज़्बे ने उन्हें असाधारण बना दिया।"
ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी ने भी आशा भोसले के निधन को हिंदी सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा, "आशा ताई अब हमारे बीच नहीं रहीं! यह विश्वास करना कठिन है कि इतनी जीवंत शख्सियत हमें छोड़कर चली गईं।"
भारतीय गायक शंकर महादेवन ने भी दुख व्यक्त करते हुए कहा, "यह सुनकर यकीन नहीं हो रहा कि आशा ताई अब हमारे बीच नहीं हैं।"
अभिनेता सुनील शेट्टी ने लिखा, "कुछ आवाज़ें सिर्फ गाती नहीं, बल्कि आपके जीवन का हिस्सा बन जाती हैं। आशा ताई उनमें से एक थीं।"
भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव ने भी शोक व्यक्त किया और कहा कि सुरों का आँगन सूना हो गया है।
बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त ने आशा ताई के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर साझा की और कहा कि उनकी आवाज़ हमेशा अमर रहेगी।
साउथ अभिनेता कमल हासन ने भी आशा भोसले के साथ की अनसीन तस्वीरें साझा कीं।
अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, "आशा ताई के निधन से दिल टूट गया है।"
जैकी श्रॉफ ने भी कहा कि आशा भोसले उनके दिल में गहराई से बसी हुई हैं।