श्रीकांत देवा ने पिता देवा के निधन पर जताया आभार, फिल्म इंडस्ट्री का मिला साथ
पिता के निधन पर भावुक श्रीकांत का आभार
मुंबई, 31 अक्टूबर। तमिल फिल्म इंडस्ट्री के प्रसिद्ध संगीतकार देवा के निधन के बाद उनके परिवार ने इस कठिन समय में समर्थन देने वाले सभी का धन्यवाद किया है। उनके बेटे, संगीतकार श्रीकांत देवा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया।
उन्होंने फिल्म उद्योग के कलाकारों, संगीत निर्देशकों, गायकों, पत्रकारों और मीडिया से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उनके पिता के निधन के बाद परिवार का हौसला बढ़ाया।
श्रीकांत ने कहा कि लोगों का प्यार और उनके पिता के प्रति दिखाया गया सम्मान हमेशा उनके दिलों में रहेगा।
अपने इंस्टाग्राम पर एक नोट में उन्होंने लिखा, ''हमारे परिवार की ओर से उन सभी का दिल से धन्यवाद, जो इस कठिन समय में हमारे साथ खड़े रहे।''
उन्होंने आगे कहा, ''हम सिनेमा जगत के सभी व्यक्तियों, जैसे कि अभिनेता, निर्देशक, संगीतकार, गीतकार, और मीडिया से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने श्रद्धांजलि देने और अपना समर्थन दिखाने के लिए आगे आए।''
श्रीकांत ने कहा, ''लोगों की उपस्थिति, प्रार्थनाएं और प्यार भरे शब्दों ने इस कठिन समय में परिवार को हिम्मत और सुकून दिया है। हमारे पिता के लिए लोगों का प्यार देखकर हम भावुक हैं। यह उन खूबसूरत रिश्तों और यादों को दर्शाता है, जो उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपने लंबे सफर के दौरान बनाए थे।''
उन्होंने कहा, ''आपकी हर छोटी-बड़ी मदद और समर्थन का हर शब्द हमेशा हमारे दिलों में रहेगा। उनकी विरासत का सम्मान करने और हमारे परिवार के साथ खड़े रहने के लिए आपका धन्यवाद। हम आप सभी के हमेशा आभारी रहेंगे। प्यार, सम्मान और आभार के साथ।''
गौरतलब है कि देवा, जो तमिल सिनेमा के मशहूर संगीतकार थे, का निधन 17 अक्टूबर को चेन्नई के एक निजी अस्पताल में हुआ। उनकी उम्र 75 वर्ष थी। उनके निधन की खबर से तमिल फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई थी। उन्हें 'तेनिसाई थेंदरल' के नाम से भी जाना जाता था।
20 नवंबर 1950 को जन्मे देवा ने तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं की 400 से अधिक फिल्मों में संगीत दिया। उनके करियर की कई यादगार फिल्मों में सुपरस्टार रजनीकांत की 'अन्नामलाई', 'अरुणाचलम' और 'बाशा' शामिल हैं। उन्होंने 1986 में तमिल फिल्म 'माटुकारा मन्नारू' से अपने करियर की शुरुआत की थी।