शत्रुघ्न सिन्हा ने अटल बिहारी वाजपेयी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, जानें क्या कहा!
शत्रुघ्न सिन्हा का अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि
मुंबई, 25 दिसंबर। भारतीय सिनेमा और राजनीति के क्षेत्र में शत्रुघ्न सिन्हा का नाम हमेशा आदर के साथ लिया जाता है। वह एक प्रतिष्ठित अभिनेता होने के साथ-साथ राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। अपने करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त किए हैं और आज भी समाज और कला के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाए हुए हैं।
गुरुवार को, शत्रुघ्न सिन्हा ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, "भारत रत्न, हमारे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति दिल से सम्मान और पुष्पांजलि। हम उन्हें हमेशा आभार के साथ याद करेंगे।"
तृणमूल कांग्रेस के सांसद और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने आगे लिखा, ''वह हमारे लिए सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि एक गुरु और पिता समान थे। उनकी वक्तृत्व कला अद्वितीय थी। उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। उनके परिवार, शुभचिंतकों और समर्थकों को मेरा सम्मान। अटलजी अमर रहें।"
इसी बीच, लोकगायिका और बिहार विधानसभा में भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने भी अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए एक कविता पढ़ी। मैथिली ठाकुर ने वाजपेयी जी की प्रसिद्ध कविता 'हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा' को अपने अंदाज में गाया।
इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने भी गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। उन्होंने लिखा, "देशवासियों के दिलों में बसे पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी जयंती पर सादर नमन। उन्होंने अपना जीवन सुशासन और राष्ट्र निर्माण को समर्पित किया। वे एक प्रखर वक्ता और ओजस्वी कवि के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे। उनका व्यक्तित्व और नेतृत्व देश के विकास के लिए मार्गदर्शक बना रहेगा।"
--News Media
पीके/एबीएम