विद्या बालन की 'द डर्टी पिक्चर' का सीक्वल: क्या होगा नया?
द डर्टी पिक्चर 2 की घोषणा
मुंबई, 12 अक्टूबर (वेब वार्ता)। विद्या बालन की चर्चित फिल्म 'द डर्टी पिक्चर' के फैंस के लिए एक रोमांचक खबर आई है। 2011 में प्रदर्शित इस फिल्म का सीक्वल अब बनने जा रहा है। फिल्म की निर्माता एकता कपूर ने 'द डर्टी पिक्चर 2' के निर्माण की पुष्टि की है। पिछले कुछ वर्षों से वह इस सीक्वल पर विचार कर रही थीं, लेकिन उन्होंने कहानी को लेकर संतोषजनक स्थिति में आने के बाद ही इसे आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।
एकता ने बातचीत के दौरान बताया कि वह लंबे समय से इस फिल्म के दूसरे भाग की योजना बना रही थीं। अब उन्हें ऐसा लगता है कि उनके पास एक बेहतरीन कहानी है, जिसे दर्शकों के सामने पेश किया जाना चाहिए। उन्होंने इसे अपनी प्रमुख फिल्मों में से एक बताते हुए कहा कि वह लगभग 15 साल बाद इस फिल्म को बनाने की तैयारी कर रही हैं। हालांकि, उन्होंने सीक्वल की कहानी और उसमें शामिल किरदारों के बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की।
'द डर्टी पिक्चर' में विद्या बालन ने दक्षिण भारतीय अभिनेत्री सिल्क स्मिता से प्रेरित एक किरदार निभाया था। इस फिल्म में इमरान हाशमी, नसीरुद्दीन शाह और तुषार कपूर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में थे। सीक्वल में कौन से कलाकार शामिल होंगे, इसका निर्देशन कौन करेगा और फिल्म की रिलीज की तारीख क्या होगी, इन सवालों के जवाब अभी तक स्पष्ट नहीं हुए हैं। एकता ने इतना जरूर संकेत दिया है कि इस बार कहानी किसी एक व्यक्ति के जीवन पर आधारित होगी।