वाणी जयराम: संगीत की जादुई आवाज, जिसने हर दिल को छू लिया
संगीत की दुनिया में वाणी जयराम का योगदान
मुंबई, 29 नवंबर। कुछ आवाजें ऐसी होती हैं जो समय के साथ भी अपनी चमक नहीं खोतीं। वाणी जयराम की आवाज ऐसी ही थी। स्कूलों में प्रार्थना के समय गूंजने वाला 'हमको मन की शक्ति देना' या 'बोले रे पपीहरा' जैसे गाने, उनकी आवाज ने हर पीढ़ी के दिलों में एक खास स्थान बना लिया। शास्त्रीय संगीत की गहरी समझ और सुरों पर उनकी अद्भुत पकड़ के कारण उन्हें 'आधुनिक भारत की मीरा' कहा जाता था।
वाणी जयराम का जन्म 30 नवंबर 1945 को तमिलनाडु के वेल्लोर में हुआ, और उनका असली नाम कलाईवाणी था। संगीत उनके परिवार की विरासत थी, जिससे उन्हें बचपन से ही संगीत का माहौल मिला। उन्होंने कर्नाटक संगीत की शिक्षा कदलुर श्रीनिवास अयंगर, टीआर बालासुब्रमण्यम और आरएस मणि से ली, और बाद में पटियाला घराने के उस्ताद अब्दुल रहमान खान से हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की बारीकियां सीखी।
वाणी ने केवल आठ साल की उम्र में ऑल इंडिया रेडियो, मद्रास पर अपनी पहली प्रस्तुति दी। लेकिन 1971 में फिल्म 'गुड्डी' से उन्हें व्यापक पहचान मिली, जिसमें उन्होंने 'बोले रे पपीहरा' गाया। यह गाना तुरंत ही लोगों की जुबान पर चढ़ गया। इसी फिल्म का एक और गाना 'हमको मन की शक्ति देना' आज भी स्कूलों में प्रार्थना का हिस्सा है।
उनकी आवाज में मिठास के साथ-साथ गहरी भावनाएं भी थीं। 1982 में आई फिल्म 'मीरा' के लिए उन्होंने कई भक्ति गीत गाए, जैसे 'मेरे तो गिरधर गोपाल दूसरो न कोई', जिसमें उनकी आवाज ने मीरा के समर्पण को जीवंत कर दिया। यही कारण था कि उन्हें आधुनिक भारत की मीरा कहा जाने लगा।
वाणी जयराम का संगीत सफर केवल हिंदी फिल्मों तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने तमिल, तेलुगु, मलयालम, मराठी, गुजराती, बंगाली, कन्नड़, ओड़िया, संस्कृत, पंजाबी, भोजपुरी और कई अन्य भाषाओं में गाने गाए। उनकी बहुभाषी प्रतिभा ने उन्हें देशभर में लोकप्रिय बना दिया। उन्होंने एक हजार से अधिक फिल्मों में 20,000 से ज्यादा गाने रिकॉर्ड किए और कई भक्ति गीत और निजी एल्बम भी बनाए।
उनके योगदान के लिए उन्हें कई पुरस्कार मिले, जिसमें 2023 में मरणोपरांत पद्म भूषण भी शामिल है।