राज बब्बर की कोलकाता यात्रा: 'सिटी ऑफ जॉय' में पुरानी यादें ताजा!
राज बब्बर का कोलकाता से गहरा नाता
मुंबई, 6 अक्टूबर। फिल्म इंडस्ट्री में कुछ शहर ऐसे होते हैं, जिनका कलाकारों के दिलों में एक विशेष स्थान होता है। कोलकाता भी राज बब्बर के लिए ऐसा ही शहर है।
हाल ही में, राज बब्बर कोलकाता पहुंचे, जहां उन्होंने अपने पुराने दोस्तों और बंगाली फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शहर की बारिश और उसकी अनोखी ऊर्जा का आनंद लिया।
राज बब्बर ने सोशल मीडिया पर अपनी कोलकाता यात्रा की खुशी साझा की और बताया कि यह शहर हमेशा उनके दिल में खास रहेगा।
इंस्टाग्राम पर उन्होंने एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह कार में सफर करते हुए बारिश का मजा लेते दिखे। होटल पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
अपने पोस्ट में उन्होंने कोलकाता को 'सिटी ऑफ जॉय' बताते हुए लिखा, ''यह शहर मेरे दिल में हमेशा एक खास स्थान रखेगा। यहां की गर्मजोशी, सुंदरता और कला, सिनेमा और साहित्य की समृद्ध विरासत अद्भुत है। इस बार कोलकाता में रुकना खास रहा, क्योंकि मुझे पुराने दोस्तों और बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के कुछ लोगों से मिलने का मौका मिला। फिलहाल मैं कोलकाता की वाइब और यहां के अनोखे अंदाज का अनुभव कर रहा हूं।''
राज बब्बर का बंगाली सिनेमा से रिश्ता काफी पुराना है। उन्होंने 1992 में आई पारिवारिक फिल्म 'अनुताप' के जरिए बंगाली सिनेमा में कदम रखा था। तब से उनका इस इंडस्ट्री से जुड़ाव बना हुआ है।
कई दशकों में, राज बब्बर की बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के कई प्रसिद्ध कलाकारों के साथ गहरी दोस्ती हो गई है। उनके करीबी दोस्तों में देबाश्री रॉय, मिथुन चक्रवर्ती, रितुपर्णा सेनगुप्ता, प्रोसेनजीत चटर्जी और फिल्म निर्माता स्वपन साहा जैसे कई जाने-माने नाम शामिल हैं।