राज अर्जुन ने बेटी सारा के जन्मदिन पर लिखा दिल को छू लेने वाला संदेश
राज अर्जुन का भावुक संदेश
नई दिल्ली, 18 जून। एक्ट्रेस सारा अर्जुन के जन्मदिन पर उनके पिता, अभिनेता राज अर्जुन ने एक भावुक संदेश साझा किया। इस संदेश में उन्होंने बताया कि सारा के आगमन ने उनकी जिंदगी को किस तरह से बदल दिया है और उसमें खुशी का नया रंग भर दिया है।
राज अर्जुन ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी बेटी के साथ कुछ खास तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "सारा, मेरी प्यारी बच्ची... आज तुम्हारा जन्मदिन है। जब भी मैं तुम्हारा नाम लिखता हूं, वह एक कविता की तरह महसूस होता है। शायद इसलिए कि कुछ नाम केवल नाम नहीं होते, वे एक अनुभव, एक प्रार्थना, और एक सुकून होते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "तुम्हारे आने से पहले मेरी जिंदगी चल रही थी, लेकिन जैसे किसी घर में दीया जलता हो, पर रौशनी न हो। फिर तुम आईं और मेरी जिंदगी में खुशियों की बहार आ गई। तुम्हारे होने का सुकून ऐसा है, जैसे थकान के बाद किसी पेड़ की छांव।"
राज ने कहा, "लोग अक्सर मुझसे पूछते हैं कि जिंदगी ने मुझे क्या दिया है। मैं हर बार कोई जवाब नहीं देता, क्योंकि कुछ जवाब शब्दों में नहीं कहे जा सकते। मेरे लिए तुम ही वो जवाब हो। सच तो यह है कि मैं तुम्हारे लिए कोई प्रार्थना नहीं करता, क्योंकि कुछ रिश्ते प्रार्थना से परे होते हैं।"
उन्होंने कहा, "जन्मदिन मुबारक हो, मेरी जान। तुम हो तो मेरी सुबहों में रोशनी है, तुम हो तो मेरी शामों में सुकून है। तुम हो तो मेरी दुआओं में यकीन है और तुम हो तो मेरी पूरी दुनिया है।"
सारा अर्जुन, जो भारतीय मनोरंजन की एक प्रसिद्ध चाइल्ड आर्टिस्ट हैं, ने बहुत कम उम्र में अपने करियर की शुरुआत की। उन्होंने कई टेलीविजन विज्ञापनों में काम किया और हाल ही में फिल्म "धुरंधर" में रणवीर सिंह के साथ नजर आईं। वहीं, राज अर्जुन ने "सीक्रेट सुपरस्टार," "थलाइवी," और "शेरशाह" जैसी फिल्मों में अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए पहचान बनाई है।