रणबीर कपूर की जमीन खरीद से गांववालों में खुशी, जानें क्या है इसका महत्व?
रणबीर कपूर का नया रियल एस्टेट निवेश
मुंबई, 16 जुलाई। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता रणबीर कपूर हाल ही में एक महत्वपूर्ण रियल एस्टेट निवेश के कारण चर्चा में हैं। उन्होंने महाराष्ट्र के पुणे जिले के निकट जमीन खरीदी है, जिसके बाद स्थानीय निवासियों की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। गांव के लोगों में इस निवेश को लेकर खुशी का माहौल है, क्योंकि उन्हें उम्मीद है कि इससे उन्हें रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
गांववालों ने मीडिया से बातचीत में कहा, "यदि रणबीर कपूर इस भूमि पर घर, फार्महाउस, होटल या अन्य निर्माण कार्य करते हैं, तो इससे आसपास के लोगों को रोजगार मिल सकता है। निर्माण कार्य शुरू होने पर मजदूरों, स्थानीय दुकानदारों और अन्य लोगों को सीधा लाभ होगा। इसके अलावा, यदि भविष्य में यहां कोई व्यावसायिक गतिविधि शुरू होती है, तो गांव के युवाओं के लिए भी रोजगार के नए रास्ते खुल सकते हैं।"
स्थानीय निवासियों ने यह भी बताया कि कई लोग रोजगार की तलाश में अन्य शहरों में जाने को मजबूर होते हैं। ऐसे में यदि रणबीर कपूर की जमीन पर कोई बड़ा प्रोजेक्ट बनता है, तो बाहर गए लोग अपने गांव लौटकर काम कर सकेंगे।
सीआरई मैट्रिक्स के प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के अनुसार, रणबीर कपूर ने पुणे के मुलशी तालुका के पिंपरी गांव में चार जुड़ी हुई जमीनें खरीदी हैं। यह डील 30 अप्रैल 2026 को रजिस्टर्ड हुई। इन चारों प्लॉट का कुल क्षेत्रफल लगभग 1,04,000 वर्ग मीटर, यानी लगभग 25.7 एकड़ है।
दस्तावेजों के अनुसार, सबसे बड़ा प्लॉट 43,800 वर्ग मीटर का है, जिसे 7.07 करोड़ रुपए में खरीदा गया। इसके अलावा, 29,900 वर्ग मीटर का दूसरा प्लॉट 4.62 करोड़ रुपए में और तीसरे प्लॉट का क्षेत्रफल 21,400 वर्ग मीटर है, जिसकी कीमत 3.31 करोड़ रुपए बताई गई है। सबसे छोटा प्लॉट 8,900 वर्ग मीटर का है, जिसे 1.39 करोड़ रुपए में खरीदा गया। चारों प्लॉट आपस में जुड़े हुए हैं।
रणबीर कपूर ने इस डील पर 82.13 लाख रुपए का स्टाम्प शुल्क भी चुकाया है। हालांकि, इस निवेश को लेकर अभी तक रणबीर कपूर या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
गौरतलब है कि इससे पहले रणबीर कपूर ने अयोध्या में भी जमीन खरीदी थी। उन्होंने 'द सरयू' नामक प्रीमियम प्रोजेक्ट में लगभग 3.31 करोड़ रुपए का एक प्लॉट लिया था, जो सरयू नदी के किनारे विकसित हो रही 75 एकड़ की टाउनशिप का हिस्सा है। इस प्रोजेक्ट में आधुनिक सुविधाओं के साथ क्लबहाउस और कई लाइफस्टाइल सुविधाएं भी शामिल हैं।