युवराज सिंह और हेजल कीच की लव स्टोरी: तीन साल की जद्दोजहद के बाद मिली सच्चा प्यार!
युवराज और हेजल की अनोखी प्रेम कहानी
मुंबई, 27 फरवरी। प्यार की कहानियां अक्सर फिल्मों में देखने को मिलती हैं, लेकिन असल जिंदगी की प्रेम कहानियां भी किसी फिल्म से कम नहीं होतीं। अभिनेत्री हेजल कीच और भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह की प्रेम कहानी ऐसी ही एक दिलचस्प दास्तान है, जिसमें इंतजार, जिद और अंततः सच्चा साथ शामिल है।
28 फरवरी 1987 को जन्मी हेजल की पहली मुलाकात युवराज से एक सामान्य मित्र के माध्यम से हुई थी। उस समय युवराज भारतीय क्रिकेट टीम के एक प्रमुख सितारे थे। उन्होंने हेजल को पहली बार देखा और उन्हें पहली नजर में ही पसंद कर लिया। युवराज ने हेजल से दोस्ती बढ़ाने की कोशिश की और उन्हें कॉफी पर बुलाया। हालांकि, हेजल हर बार मिलने के दिन अपना फोन बंद कर देती थीं और नहीं आती थीं। यह सिलसिला कई बार चला।
यह जानकारी खुद युवराज ने 'कपिल शर्मा शो' में साझा की थी। हेजल को डेट पर ले जाने के लिए युवराज को लगभग तीन साल तक प्रयास करना पड़ा। इस दौरान उन्होंने हेजल को सोशल मीडिया पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भी भेजी, लेकिन हेजल ने उसे स्वीकार करने में भी तीन महीने का समय लिया।
समय के साथ, एक बार फिर सामान्य दोस्तों के जरिए उनकी मुलाकात हुई। इस बार बातचीत लंबी चली और दोनों ने एक-दूसरे को समझने की कोशिश की। युवराज का सेंस ऑफ ह्यूमर हेजल को भाने लगा। उनकी दोस्ती धीरे-धीरे गहरी होती गई।
हर प्रेम कहानी में एक मोड़ आता है, और इस रिश्ते में भी ऐसा ही हुआ। युवराज ने ठान लिया कि अब वह अपने दिल की बात कहेंगे। उन्होंने हेजल को प्रपोज किया और हेजल ने मुस्कुराते हुए 'हां' कह दिया।
2015 में, दोनों ने बाली में सगाई की और 30 नवंबर 2016 को सिख रीति-रिवाज से शादी कर ली। शादी के बाद, हेजल ने गुरबसंत कौर नाम अपनाया। आज, दोनों दो बच्चों के माता-पिता हैं और खुशहाल जीवन बिता रहे हैं।