महिला किरदारों की मजबूती का राज: मोहित सूरी ने साझा की अपनी प्रेरणाएँ
महिला किरदारों की ताकत पर मोहित सूरी का नजरिया
मुंबई, 26 मार्च। मोहित सूरी की फिल्मों में महिला पात्र अक्सर मजबूत, संवेदनशील और कहानी की 'हीलर' या 'सेवियर' के रूप में दिखाई देती हैं। ये महिलाएं अपनी कमियों के बावजूद पुरुष पात्रों को संपूर्ण बनाती हैं और उन्हें सही दिशा दिखाती हैं। मोहित ने बताया कि उनकी फिल्मों में ये सशक्त महिलाएं असल जीवन की महिलाओं से प्रेरित हैं।
हाल ही में, मोहित सूरी ने पूजा भट्ट के पॉडकास्ट में भाग लिया, जहां उन्होंने अपनी पत्नी उदिता गोस्वामी को अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा बताया, जो छोटी उम्र से परिवार का ध्यान रख रही हैं।
पूजा ने पॉडकास्ट में मोहित से पूछा, "आपके हीरो अक्सर परेशान और भावुक होते हैं, लेकिन आपकी फिल्मों की महिलाएं सुपरहीरो जैसी क्यों होती हैं? इसका स्रोत क्या है?"
मोहित ने उत्तर दिया, "पूजा, मेरी जिंदगी की महिलाओं को देखो। शायद मेरी मां के न होने के कारण, मैं महिलाओं को एक अलग दृष्टिकोण से देखता हूं। मैंने हमेशा मजबूत महिलाओं को देखा है, चाहे वो तुम हो पूजा या हमारी दादी-नानी, आंटी श्रीमती सैगल, बड़ी आंटी... ये सभी बहुत ताकतवर रही हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "मेरी पत्नी उदिता ने 14 साल की उम्र से काम करना शुरू किया और पूरे परिवार का सहारा बनी हैं। वो भी बेहद मजबूत हैं। मुझे लगता है कि मेरी फिल्मों की महिलाएं इसलिए खास हैं क्योंकि मैं उन्हें इसी तरह देखता हूं। अक्सर फिल्म में वही महिला पुरुष का हाथ पकड़कर उसे बचाती है। पुरुष दुनिया से लड़ रहा होता है, मुश्किलों में फंसा होता है और सिर्फ महिला ही उसकी मदद करती है।"
मोहित ने हंसते हुए कहा, "असल में यही मेरी सभी फिल्मों की कहानी का मूल है। मेरी जिंदगी के ये अनुभव ही मेरी स्क्रीन पर महिलाओं को खास बनाते हैं।"
मोहित सूरी अपनी संगीतमय प्रेम कहानियों और थ्रिलर फिल्मों के लिए प्रसिद्ध हैं। उन्होंने 'आशिकी 2', 'एक विलेन' और 'मर्डर 2' जैसी चर्चित फिल्में बनाई हैं।