मनोज तिवारी का लाइव कॉन्सर्ट स्थगित: दिल्ली में हादसे का असर
कॉन्सर्ट स्थगित होने की जानकारी
मुंबई, 09 सितंबर (वेब वार्ता)। अभिनेता और राजनेता मनोज तिवारी का सितंबर में आयोजित होने वाला लाइव कॉन्सर्ट ‘हिंद के सितारा’ दिल्ली के सत्य निकेतन में हाल ही में हुए दुखद हादसे के कारण स्थगित कर दिया गया है।
मनोज तिवारी की टीम ने बुधवार को सोशल मीडिया के माध्यम से इस निर्णय की जानकारी साझा की। उन्होंने यह भी बताया कि जिन लोगों ने पहले से टिकट खरीदे हैं, उन्हें पूरी राशि वापस की जाएगी। अभी तक कॉन्सर्ट की नई तारीख की घोषणा नहीं की गई है।
मनोज तिवारी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में लिखा, “दिल्ली के सत्य निकेतन में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारण ‘मनोज तिवारी लाइव इन कॉन्सर्ट – हिंद के सितारा’ को स्थगित किया जा रहा है। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। सभी टिकट धारकों को उनकी राशि वापस की जाएगी।”
गौरतलब है कि 6 सितंबर को दिल्ली के सत्य निकेतन क्षेत्र में ‘हॉस्टल डेज’ नामक पांच मंजिला लड़कों का पीजी हॉस्टल ढह गया था। इस हादसे में कम से कम सात लोगों की जान चली गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हुए थे।
इस घटना के बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और हॉस्टलों की सुरक्षा जांच तथा बेहतर सुविधाओं की मांग की।
दिल्ली हाई कोर्ट ने भी इस मामले में केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली विश्वविद्यालय से छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था पर जवाब मांगा है।
इस बीच, बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने भी इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “हर साल लाखों छात्र अपने सपनों को पूरा करने के लिए दूसरे शहरों में जाते हैं, लेकिन क्या हम उन्हें सुरक्षित आवास प्रदान कर पा रहे हैं? दिल्ली में लगभग 7 लाख छात्र नामांकित हैं, जबकि छात्रावासों की क्षमता केवल 30 हजार के आसपास है। इसका मतलब है कि 31 में से केवल एक छात्र को ही हॉस्टल मिल पाता है। विश्वविद्यालयों के आसपास खाली सरकारी जमीन की पहचान कर वहां सुरक्षित और किफायती छात्रावास क्यों नहीं बनाए जाते? साथ ही, विश्वविद्यालयों को परिसर में अधिक आवास सुविधाएं विकसित करने के लिए अतिरिक्त निर्माण अनुमति दी जानी चाहिए।”