×

भारतीय सिनेमा के 'किंग' धर्मेंद्र का निधन: अशोक पंडित ने दी श्रद्धांजलि

भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को शोक में डाल दिया है। फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए 'किंग' का खिताब दिया। धर्मेंद्र ने अपने करियर में 300 से अधिक फिल्मों में काम किया और हर किरदार को जीवंत किया। उनके निधन पर कई सितारों ने सोशल मीडिया पर संवेदनाएं व्यक्त की हैं। जानिए इस महान अभिनेता के बारे में और उनकी यादों को कैसे संजोया जा रहा है।
 

धर्मेंद्र के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर




मुंबई, 25 नवंबर। अभिनेता धर्मेंद्र के निधन ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को गहरे शोक में डाल दिया है। उनके प्रशंसकों के साथ-साथ कई फिल्मी सितारे भी सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। फिल्म निर्माता और इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक पंडित ने धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें भारतीय सिनेमा का 'किंग' बताया।


अशोक पंडित ने इंस्टाग्राम पर धर्मेंद्र के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "इंडियन सिनेमा के किंग, जिन्होंने हर किरदार को जीया। आपने दशकों तक लोगों को हंसाया, रुलाया और तालियां बजवाईं। आपकी उपस्थिति हमेशा सकारात्मक और जीवंत रही।"


उन्होंने यह भी कहा कि धर्मेंद्र की पंजाब की मिट्टी हमेशा जीवित रहेगी और यह भावी पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जुड़े रहने की प्रेरणा देती रहेगी। पंडित ने अभिनेता की दयालुता को याद करते हुए लिखा, "आपकी दयालुता और दरियादिली के लिए धन्यवाद। आने वाली पीढ़ियां आपको मेहनत, सादगी और बेहतरीन अभिनय के लिए हमेशा याद रखेंगी। आपकी कमी हमेशा खलेगी सर… ओम शांति।"


धर्मेंद्र ने अपने सात दशकों के करियर में 300 से अधिक फिल्मों में काम किया। वे एक्शन, रोमांस, कॉमेडी और ड्रामा के बेताज बादशाह थे। 'शोले' में वीरू, 'चुपके चुपके' में डॉक्टर परिमल और 'यमला पगला दीवाना' में मजेदार पंजाबी बुजुर्ग के किरदारों ने उन्हें अमर बना दिया।


अशोक पंडित ने एक और पोस्ट में वीडियो मोंटाज के साथ लिखा, "मैं धर्म जी के लिए कोई दुख भरा गाना नहीं गाना चाहता था, क्योंकि मेरे लिए वो हमेशा चुपके चुपके, शोले, राजा जानी, यादों की बारात वाले धर्म जी रहेंगे... हमेशा नाचते और दर्शकों को हंसाते हुए। आज भी, जब उनके जाने पर मेरा दिल भारी है... लेकिन मुझे बस उनकी वो ठहरी आवाज याद है — “कुत्ते… मैं तेरा खून पी...!” मैं दुख में भी मुस्कुराता हूं क्योंकि धर्म जी जैसे लेजेंड्स हमेशा जिंदा रहते हैं। मनोरंजन और खुशी के लिए धन्यवाद धर्म जी।"


फैंस और फिल्मी हस्तियां लगातार सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रही हैं। अशोक पंडित के अलावा, अमिताभ बच्चन, रणदीप हुड्डा, कार्तिक आर्यन, ऋषभ शेट्टी, राम चरण, चिरंजीवी, अल्लू अर्जुन, एकता कपूर, महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा, अनुपम खेर समेत अन्य कलाकारों ने भी शोक संवेदना व्यक्त की।